राहुल गांधी का ‘डिजिटल सत्याग्रह’! लॉन्च किया पोर्टल, देशभर के संघर्षों को एक नक्शे पर लाएंगे

Amanat Ansari 03 Oct 2026 12:47 PM 1 Mins
राहुल गांधी का ‘डिजिटल सत्याग्रह’! लॉन्च किया पोर्टल, देशभर के संघर्षों को एक नक्शे पर लाएंगे

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को ‘सत्याग्रह’ नाम से एक डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया है. इस पोर्टल के जरिए देशभर में अपने अधिकारों और विभिन्न मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे लोगों की कहानियों को एक नक्शे पर लाया जाएगा. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि देशभर में लोग अपने हक के लिए लड़ रहे हैं और अक्सर यह लड़ाई उन्हें अकेले लड़नी पड़ती है.

उन्होंने Gen Z, छात्रों, किसानों, आदिवासियों, दलितों और महिलाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हर संघर्ष की अपनी कहानी है, लेकिन अकेली उठने वाली आवाज अक्सर दब जाती है. राहुल गांधी ने लिखा, “‘सत्याग्रह’ इन्हीं आवाजों को एक नक्शे पर साथ लाने की पहल है.

बापू ने यही सिखाया था… सच सबसे बड़ा हथियार है, लेकिन उससे भी बड़ा हथियार एकता के साथ सच के लिए खड़े होना है.” उन्होंने अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहे लोगों से अपील की कि वे अपनी कहानी इस पोर्टल पर भेजें. इसमें करीब दो मिनट लगेंगे. कहानियां नक्शे पर दिखाई जाएंगी और लोग देख सकेंगे कि उनकी तरह और कौन-कौन संघर्ष कर रहा है.

राहुल गांधी ने कहा कि लोगों की ओर से साझा किए गए मुद्दों पर वह अपनी ओर से हर संभव प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा, “मैं जो कर सकता हूं, करूंगा—संसद में, सड़क पर, खत लिखकर, जहां भी मेरी जरूरत हो वहां आपके साथ खड़े होकर.” नेता विपक्ष के रूप में लोगों के साथ खड़ा होना उनकी जिम्मेदारी है. यह पहल महात्मा गांधी के सत्याग्रह के विचार को डिजिटल रूप देने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है.

Rahul Gandhi Satyagraha portal digital platform social justice

Recent News