इस फेमस एक्टर पर लगा सेक्सुअल हैरेसमेंट का आरोप, मामला दर्ज

Amanat Ansari 02 Jan 2026 02:37: PM 1 Mins
इस फेमस एक्टर पर लगा सेक्सुअल हैरेसमेंट का आरोप, मामला दर्ज

नई दिल्ली: हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और रैपर विल स्मिथ पर गंभीर आरोप लगे हैं. एक प्रोफेशनल वायलिनिस्ट ब्रायन किंग जोसेफ ने उन पर यौन उत्पीड़न, गलत तरीके से नौकरी से निकालने और बदले की कार्रवाई का मुकदमा ठोका है. यह मामला विल स्मिथ के 2025 के म्यूजिकल टूर 'बेस्ड ऑन ए ट्रू स्टोरी' से जुड़ा है, जिसने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा पैदा कर दी है और फैंस को चौंका दिया है.

ब्रायन किंग जोसेफ, जो 'अमेरिकाज गॉट टैलेंट' के फाइनलिस्ट रह चुके हैं और सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं, ने लॉस एंजिल्स कोर्ट में यह केस दायर किया है. उनके अनुसार, नवंबर 2024 में विल स्मिथ ने उन्हें सैन डिएगो में एक परफॉर्मेंस के लिए बुलाया था और बाद में उनके बड़े टूर में शामिल कर लिया. शुरू में सब सामान्य था, लेकिन धीरे-धीरे चीजें बदलने लगीं. विल ने कथित तौर पर कहा कि उनके बीच एक अनोखा रिश्ता है, जो किसी और के साथ नहीं है.

मुख्य घटना मार्च 2025 में लास वेगास में टूर के दौरान हुई. ब्रायन का बैग और रूम की चाबी घंटों तक गुम रही, जिससे उन्हें शक हुआ. जब चाबी मिली और वे कमरे में गए, तो वहां बीयर की बोतलें, वाइप्स, किसी दूसरे व्यक्ति के नाम की HIV दवाएं, एक ईयररिंग और एक नोट पड़ा था, जिसमें लिखा था कि "मैं 5:30 तक वापस आऊंगा, सिर्फ हम दोनों." ब्रायन को लगा कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनके साथ यौन संबंध बनाने की धमकी दे रहा है.

उन्होंने होटल सिक्योरिटी और टूर मैनेजमेंट से शिकायत की, लेकिन मदद के बजाय उन पर झूठ बोलने का इल्जाम लगाया गया. कुछ दिनों बाद उन्हें टूर से हटा दिया गया. ब्रायन का दावा है कि विल स्मिथ उन्हें लंबे समय से 'ग्रूमिंग' कर रहे थे और यह सब एक पैटर्न का हिस्सा था. इस घटना से उन्हें मानसिक आघात पहुंचा और आर्थिक नुकसान भी हुआ.

विल स्मिथ के वकील ने इन आरोपों को 'झूठा, बेबुनियाद और लापरवाह' बताया है. ऑस्कर थप्पड़ वाले पुराने विवाद के बाद अपनी इमेज सुधारने की कोशिश कर रहे विल स्मिथ के लिए यह नया संकट बड़ा झटका है. मामला अभी कोर्ट में है और आगे की जांच जारी रहेगी.

actor will smith brian king joseph entertainment news hollywood news

Recent News