रतलाम : मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मोहर्रम के जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया. जुलूस में शामिल ताजिया हाइटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे करंट फैल गया. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जुलूस में शामिल लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहर्रम का जुलूस निर्धारित मार्ग से गुजर रहा था. इसी दौरान ऊंचा ताजिया सड़क के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया. संपर्क होते ही तेज करंट पूरे ताजिए और उसके आसपास मौजूद लोगों में फैल गया. कई लोग मौके पर ही गिर पड़े, जबकि अन्य गंभीर रूप से झुलस गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची. घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आई है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां बिजली के हाईटेंशन तार काफी नीचे लटके हुए थे. यदि समय रहते बिजली विभाग ने तारों की ऊंचाई और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया होता, तो इस दुर्घटना को टाला जा सकता था. प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है.