नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में बना गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र अब चक्रवाती तूफान ‘दित्वाह’ बन चुका है. यह तूफान कल 30 नवंबर को सुबह के समय उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों से टकराने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के पहुंचने के समय 80-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कभी-कभी 100 किमी प्रति घंटे तक भी जा सकती हैं. कई तटीय जिलों में भारी से अति भारी बारिश का पूर्वानुमान है.
इस खतरे को देखते हुए तमिलनाडु के कई तटीय जिलों (चेन्नई, तिरुवल्लुर, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, विल्लुपुरम, कुड्डालोर आदि) में रेड अलर्ट जारी किया गया है. आंध्र प्रदेश के कुछ दक्षिणी जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट है.
तमिलनाडु और पुडुचेरी में सभी स्कूल-कॉलेज कल बंद रहेंगे. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त चेतावनी दी गई है. निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है. रेल और हवाई सेवाओं पर भी आंशिक असर पड़ सकता है.
केरल के दक्षिणी हिस्सों और तेलंगाना के कुछ इलाकों में भी मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य की टीमें अलर्ट पर हैं. लोग बार-बार मौसम विभाग की वेबसाइट और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों पर नजर रखें.