टीम इंडिया ने अभी हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन किया है. श्रीलंका के दौरे के बाद टीम इंडिया आने वाले 4 महीने में कुल 10 टेस्ट मैच खेलने वाली है. जिसकी तैयारियों में टीम इंडिया जुट गयी है. इसी कड़ी में भारतीय टीम का एक बहुत बड़ा कल्चर बदलने जा रहा है, जो भारतीय क्रिकेट के नए अध्याय की शुरुआत करेगी. टीम इंडिया को 19 सितंबर से 2 मैचों की टेस्ट सीरीज बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है. इस टेस्ट सीरीज के साथ ही गौतम गंभीर का भी भारतीय क्रिकेट में रेड-बॉल क्रिकेट के मुख्य कोच के रूप में पहला कार्यकाल शुरू हो रहा है. गंभीर ने पहले ही घरेलू रेड-बॉल क्रिकेट के महत्व को लेकर अपने विचार स्पष्ट कर दिए हैं और वे भारतीय राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों के लिए भी इस नीति को लागू करने के लिए उत्सुक हैं.
गौतम गंभीर का मानना है कि घरेलू क्रिकेट किसी भी खिलाड़ी के खेल को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उनका मानना है कि भारतीय टीम के खिलाड़ियों को टेस्ट सीरीज से पहले डोमेस्टिक क्रिकेट खेलना चाहिए, ताकि वे खेल की बारीकियों और कठिनाइयों को अच्छे से समझ सकें. इसी सिलसिले में, एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गंभीर चाहते हैं कि शुभमन गिल, केएल राहुल, रविंद्र जडेजा जैसे खिलाड़ी, साथ ही सीनियर खिलाड़ी जैसे रोहित शर्मा और विराट कोहली भी दलीप ट्रॉफी में हिस्सा लें, और रिपोर्ट्स ये दावा कर रहे हैं कि रोहित शर्मा और विराट कोहली डोमेस्टिक क्रिकेट खेलने के लिए तैयार भी हो गए हैं.
रोहित शर्मा के लिए यह कदम बेहद खास है क्योंकि वे 8 साल बाद घरेलू क्रिकेट में हिस्सा लेने जा रहे हैं. 'इंडियन एक्सप्रेस' की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी जैसे शुभमन गिल, केएल राहुल, अक्षर पटेल, रविंद्र जडेजा, यशस्वी जायसवाल, सूर्यकुमार यादव और कुलदीप यादव सभी को दलीप ट्रॉफी में खेलने के लिए कहा गया है. हालांकि, इस बीच केवल जसप्रीत बुमराह को ही इस टूर्नामेंट से छुटकारा दिया गया है. बुमराह को उनके काम के बोझ को ध्यान में रखते हुए क्रिकेटिंग असाइनमेंट्स से लंबा ब्रेक दिया गया है.
गौतम गंभीर का यह कदम भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है. इससे न केवल खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमताओं में सुधार होगा, बल्कि उन्हें घरेलू परिस्थितियों में खेलने का मूल्यवान अनुभव भी मिलेगा. यह टेस्ट क्रिकेट में उनकी परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने में मदद करेगा. गंभीर ने यह भी संकेत दिया है कि राष्ट्रीय टीम में जगह पाने के लिए खिलाड़ियों को अब घरेलू क्रिकेट में अपनी योग्यता साबित करनी होगी.
रोहित शर्मा का घरेलू क्रिकेट में वापसी करना क्रिकेट फैंस के लिए बेहद रोमांचक होगा. लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हुए उन्होंने टेस्ट और वनडे क्रिकेट में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उनकी वापसी घरेलू क्रिकेट को एक नई पहचान दे सकती है और अन्य सीनियर खिलाड़ियों को भी घरेलू क्रिकेट में खेलने के लिए प्रेरित कर सकती है. गंभीर का यह कदम भारतीय क्रिकेट के लिए एक नई दिशा तय कर सकता है, जो भविष्य में भारतीय क्रिकेट के लिए लाभकारी सिद्ध हो सकता है.