नई दिल्ली: दिल्ली के सुल्तानपुरी में दोस्ती की आड़ में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. एक विधवा महिला ने अपने दिवंगत पति के करीबी दोस्त पर भयानक आरोप लगाया है. महिला का कहना है कि 2016 में पति की मौत के बाद यह शख्स उसका हमदर्द बनकर आया, शादी का झांसा दिया और पिछले आठ साल से लगातार उसका यौन शोषण करता रहा. जब शादी का दबाव बनाया गया तो आरोपी ने न सिर्फ इनकार कर दिया, बल्कि पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे डाली.
महिला के अनुसार, पति की मौत के बाद वह अकेली और टूट चुकी थी. आरोपी ने इसी कमजोरी का फायदा उठाया. पहले उसने सहानुभूति जताई, फिर धीरे-धीरे शादी का लालच देकर 2017 से शारीरिक संबंध बनाना शुरू कर दिया. यह सिलसिला आठ साल तक चलता रहा. महिला को लगता रहा कि वह जल्द ही उससे शादी कर लेगा.
हाल ही में एक दिन आरोपी फिर महिला के घर पहुंचा. उस वक्त सास-ससुर और अन्य परिजन भी घर पर थे. दोपहर में सब अपने कमरों में आराम कर रहे थे. इसी दौरान आरोपी और महिला एक कमरे में चले गए. तभी महिला का ससुर नीचे आया और दरवाजा खोला तो दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई.
ससुर ने तुरंत परिवार वालों को बुलाया और पंचायत बिठाई. सबने एक स्वर में आरोपी से विधवा से शादी करने को कहा. जवाब में आरोपी भड़क उठा. उसने साफ इनकार कर दिया और गुस्से में कहा, ''अगर किसी ने बाहर मुंह खोला तो पूरे परिवार को खत्म कर दूंगा.'' डर और अपमान से तंग आकर महिला आखिरकार थाने पहुंची और पूरी आपबीती पुलिस को सुनाई.
सुल्तानपुरी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी को करोल बाग इलाके से धर दबोचा. पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी से सख्ती से पूछताछ चल रही है. महिला का मेडिकल कराया जा रहा है और सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं. जल्द ही उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा. यह मामला न सिर्फ विश्वासघात की पराकाष्ठा है, बल्कि विधवा के सम्मान और सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है.