नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर मंतर पर NEET पेपर लीक के खिलाफ Cockroach Janta Party (CJP) के आंदोलन में स्वयंसेवक के रूप में सक्रिय मोहम्मद जुनैद पर कथित पुलिस दबाव की सनसनीखेज खबर सामने आई है. प्रदर्शनकारियों को मुफ्त खाना बांटने वाले गाजियाबाद निवासी जुनैद ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने उनके परिवार को निशाना बनाया.
उन्होंने दावा किया कि गुरुवार शाम को गाजियाबाद के मसूरी थाने की पुलिस उनके नहाल गांव के घर पहुंची, तलाशी ली, पिता मुस्तफा को हिरासत में लिया और परिवार के सदस्यों के बैंक पासबुक व आधार कार्ड जब्त कर लिए. जुनैद ने अपनी बहन के हवाले से बताया कि पुलिस ने पिता को यह कहकर संपर्क करने को कहा कि वे जुनैद को पुलिस स्टेशन बुलाएं, तभी परिवार को छोड़ा जाएगा. इसके अलावा मेरठ में रहने वाले रिश्तेदारों को भी कथित तौर पर परेशान किया गया.
CJP ने इस घटना की कड़ी निंदा की है. पार्टी ने X पर लिखा, ''अपराधियों के बजाय UP पुलिस हमारे वॉलंटियर मोहम्मद जुनैद के पीछे पड़ी हुई है, जो लोगों को खाना-पानी परोस रहा है. हम कानूनी लड़ाई लड़ेंगे और किसी को परिवार को परेशान नहीं करने देंगे.
उत्तर प्रदेश पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है. मेरठ के SSP अविनाश पांडे ने कहा कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है. मेरठ के SP (सिटी) विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि पूरे जिले के थानों में जांच कराई गई, लेकिन जुनैद के किसी भी परिजन को हिरासत में नहीं लिया गया. गाजियाबाद पुलिस से संपर्क करने की कोशिश असफल रही.