जबलपुर: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन की चिंगारी अब मध्य प्रदेश तक पहुंच गई है. शुक्रवार को संस्कारधानी जबलपुर के मालवीय चौक पर 'लाल हिट जनता पार्टी' के नाम से लोगों ने CJP के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पोस्टर और लाल हिट की बोतलें लेकर CJP के तरीके का विरोध जताया.
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि किसी भी मुद्दे पर विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन शिक्षा व्यवस्था के नाम पर धार्मिक आस्थाओं, राम मंदिर और सनातन परंपरा का कथित अपमान बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने माना कि CJP की कुछ मांगें जायज हो सकती हैं, पर विरोध का तरीका पूरी तरह गलत है.
प्रदर्शनकारियों ने जोर देकर कहा कि जबलपुर की संस्कृति धार्मिक सौहार्द और मर्यादा की रही है, जिसे किसी भी कीमत पर आहत नहीं होने दिया जाएगा. इस अनोखे प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर 'हिट बनाम कॉकरोच' की जंग छिड़ गई है और मीम्स की बाढ़ आ गई है. CJP के आंदोलन के खिलाफ जबलपुर में उभरी यह नई आवाज चर्चा का विषय बन गई है.