भोपाल : मध्यप्रदेश के सिंगरौली में नगर निगम कमिश्नर सविता प्रधान ने ऐसा कदम उठाया है, जिसने हजारों लोगों का दिल जीत लिया. एक कैंसर पीड़ित बच्ची से मुलाकात के दौरान बच्ची ने बताया कि कीमोथेरेपी के कारण उसके सारे बाल झड़ गए हैं और अब वह खुद को दूसरों से अलग और असहज महसूस करती है. बच्ची की बात सुनकर सविता प्रधान ने उससे पूछा अगर मैं भी तुम्हारी तरह दिखूं, तो क्या तुम्हें अच्छा लगेगा. बच्ची ने मुस्कुराकर हां कहा. इसके बाद कमिश्नर ने बिना देर किए अपना सिर मुंडवा लिया, ताकि बच्ची को यह महसूस हो कि वह अकेली नहीं है.
यह कदम सिर्फ बाल कटवाने का नहीं, बल्कि एक मासूम बच्ची का आत्मविश्वास लौटाने और उसे भावनात्मक सहारा देने का था. सविता प्रधान पहले भी अपने संघर्षपूर्ण जीवन और संवेदनशील कार्यशैली के कारण चर्चा में रही हैं. बेहद कठिन परिस्थितियों से निकलकर उन्होंने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास की और आज सिंगरौली नगर निगम की कमिश्नर हैं.
सोशल मीडिया पर इस भावुक पल की जमकर चर्चा हो रही है. लोग इसे संवेदनशील प्रशासन और मानवीय नेतृत्व की मिसाल बता रहे हैं. एक छोटे से कदम ने उस बच्ची के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी और यह संदेश भी दिया कि सच्ची सुंदरता इंसान की सोच और संवेदनाओं में होती है, सिर्फ उसके बालों या चेहरे में नहीं.