चंडीगढ़/पंजाब: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर, जिन्हें कथित तौर पर अपहरण कर जिंदा जलाया गया था, की 54 दिन अस्पताल में जिंदगी-मौत की जंग के बाद शनिवार को चंडीगढ़ के अस्पताल में मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि मृतका 7 सप्ताह की प्रेग्नेंट थीं. उनके एक सात साल का बेटा भी है, जो पूर्व पति के साथ रहता है.
मनजीत कौर का अपने पति से तलाक हो चुका था और वे एक आरोपी के साथ लिव-इन में रहती थीं. पुलिस ने दो आरोपियों, शुभी और पिंडा के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज किया है. दोनों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं. घटना 3 जुलाई की है.
आरोप है कि दोनों आरोपियों ने मनजीत को एक जगह बुलाया, जबरन कार में बैठाया और मोरिंडा के सुनसान इलाके में ले गए. वहां उन्हें पेड़ से बांधकर पिटाई की और आग लगा दी. एक दोस्त ने लपटें देखकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया. पहले मोरिंडा, फिर मोहाली के मैक्स अस्पताल और बाद में पीजीआई में इलाज चलता रहा.
खरड़ सदर थाने के एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मनजीत बुरी तरह जल गई थीं. परिवार के बयान के आधार पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. परिवार सेक्टर 34 में रहता था. पुलिस जांच जारी है. पूरे देश में इस घटना की निंदा हो रही है.