बुजुर्ग मां को घर में बंद कर पुण्य कमाने ससुरालवालों के साथ महाकुंभ चला गया बेटा

Amanat Ansari 20 Feb 2025 07:10: PM 2 Mins
बुजुर्ग मां को घर में बंद कर पुण्य कमाने ससुरालवालों के साथ महाकुंभ चला गया बेटा

रांची: कहते हैं मां-बाप के चरणों में तीनों लोक होते हैं. त्रिदेवों का आशीर्वाद भी आपको मां-बाप की सेवा से मिल जाता है. प्रभु श्रीराम ने कहा था ‘जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि च गरियसी’, अर्थात- जननी यानि मां और जन्मभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर है, बावजूद इसके कुछ लोग इस सच्चाई को नहीं समझते. पत्थर को पूजते हैं, भोग लगाते हैं, पैसों का दान करते हैं, लेकिन मां-बाप की भावना का सम्मान नहीं करते, उल्टा उन्हें कष्ट देते हैं.

दरअसल, झारखंड के रामगढ़ से एक ऐसी ही ख़बर सामने आई है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. जहां एक पति-पत्नी अपनी बुजुर्ग मां को घर में बंद कर महाकुंभ स्नान के लिए निकल जाते हैं. बुजुर्ग मां की बेटे के साथ उनके ससुराली जन तो होते हैं, लेकिन मां को तनहा छोड़कर चले जाते हैं. जब कई दिनों तक बुजुर्ग को खाना नहीं मिलता, तो आवाज लगाती हैं, चीखती हैं चिल्लाती हैं, पड़ोसी बेटी को फोन करते हैं, बिटिया आती है, पुलिसकर्मियों को साथ लाती है, और फिर जाकर घर का दरवाजा तोड़कर बदहवास हालत में मां को बाहर निकाला जाता है, जो प्लास्टिक खाने पर मजबूर थी.

पुलिस ने गुरुवार को जानकारी दी है कि रामगढ़ थाना क्षेत्र के सुभाष नगर कॉलोनी में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के एक क्वार्टर से 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मुक्त कराया गया है. बुजुर्ग सोमवार से ही घर में बंद थी और चूड़ा खाकर जिंदा रह रही थी. पुलिस ने बताया कि पड़ोसियों इस बात की जानकारी तब लगी, जब भूख-प्यासे चिल्लाने लगी.

रामगढ़ के उप-संभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि बुजुर्ग महिला का नाम संजू देवी है, जिसे उसके बेटे अखिलेश कुमार ने सीसीएल क्वार्टर में बंद कर अपने ससुराली जनों के साथ प्रयागराज महाकुंभ चला गया था. बुधवार को जब बुजुर्ग महिला की बेटी ने पुलिस को सूचना दी तो उसे पुलिस के द्वारा बचाया गया.

एक अन्य पुलिस अधिकारी के हवाले से जानकारी मिली है कि अखिलेश ने पुलिस को बताया कि उसने मां के लिए खाने-पीने का इंतजाम कर दिया था, फिर प्रयागराज के लिए निकला था. वहीं बुजुर्ग महिला के बेटी चांदनी ने बताया कि उसे पड़ोसियों ने फोन कर बताया था कि उसकी मां घर पर अकेली है और बाहर से ताला लगा हुआ है, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने मौके पर पहुंच घर का ताला तोड़कर उसे बाहर निकाला.

बुजुर्ग खराब स्थिति को देखकर पड़ोसियों ने उसे खाना और दवाइयां दी. बुजुर्ग को स्थानीय सीसीएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. जानकारी मिली है कि बुजुर्ग महिला का बेटा अखिलेश कुमार अनुकंपा के आधार पर सीसीएल में नौकरी करता है.

Ranchi Jharkhand Ramgarh Kaliyug son

Recent News