नई दिल्ली: सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की शादी ने पिछले साल खूब सुर्खियां बटोरी थीं. परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर सोनाक्षी ने जहीर को चुना और दोनों ने हिंदू-मुस्लिम रीति-रिवाज छोड़कर सिविल मैरिज कर ली. बस यहीं से 'लव जिहाद' की अफवाहों का बाजार गर्म हो गया. शादी को करीब डेढ़ साल बीत चुके हैं, लेकिन धर्म बदलने की बातें थमने का नाम नहीं ले रही थीं.
अब जहीर ने खुद इस मुद्दे पर मुंह खोला है और उनका बयान सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है. कमेंट सेक्शन में फैंस की लाइन लगी हुई है. दरअसल, कपल हाल ही में अबू धाबी की प्रमोशनल ट्रिप पर गया था. दोनों ने वहां का पूरा व्लॉग अपने यूट्यूब चैनल पर डाला. वीडियो में सोनाक्षी मस्जिद विजिट को लेकर बच्चों की तरह एक्साइटेड दिखीं.
जहीर ने मौके का फायदा उठाकर ट्रोलर्स पर सीधा वार किया. व्लॉग की शुरुआत में सोनाक्षी कहती हैं, "हम अबू धाबी में हैं. टूरिज्म बोर्ड ने हमें घुमाने का शानदार प्लान दिया है." फिर उत्साह से बताती हैं, "पहला स्टॉप शेख जायद ग्रैंड मस्जिद है. मैं पहली बार मस्जिद के अंदर जा रही हूं. मंदिर-चर्च तो घूम चुकी, लेकिन मस्जिद कभी नहीं." बस यहीं जहीर ने कैमरे की तरफ मुड़कर कहा, "स्पष्ट कर दूं, मैं इन्हें कन्वर्ट करने नहीं ले जा रहा. बस जगह बहुत खूबसूरत है, इसलिए जा रहे हैं."
सोनाक्षी ने फौरन जोड़ा, "स्पेशल मैरिज एक्ट की जय!"इस चुटीले अंदाज ने ट्रोलर्स की बोलती बंद कर दी. फैंस दोनों की केमिस्ट्री पर फिदा हो गए. एक ने लिखा, "जहीर का तंज लाजवाब! सोना को सचमुच सोना मिल गया." दूसरे ने कहा, "इतनी स्मार्ट जोड़ी! ट्रोलर्स को ऐसे ही जवाब दो." तीसरे ने कमेंट किया, "दोनों का सेंस ऑफ ह्यूमर टॉप क्लास है."