राजस्थान के जोधपुर में पत्थरबाजी और आगजनी, इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

Global Bharat 22 Jun 2024 09:42: PM 1 Mins
राजस्थान के जोधपुर में पत्थरबाजी और आगजनी, इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

राजस्थान के जोधपुर के सूरसागर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात 2 पक्षों के बीच झड़प हो गई थी. ये विवाद पथराव और आगजनी में बदल गया. दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया. एक ट्रैक्टर और दुकान में भी आग लगा दी गई. वहीं इस दौरान पुलिस के कई जवानों को भी चोट आई हैं.

इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. वहीं पूरे मामले में जोधपुर के एडीसीपी निशांत भारद्वाज ने जानकारी दी. घटना को लेकर क्षेत्र में धारा 144 लागू की गई है. जोधपुर वेस्ट के पुलिस उपायुक्त ने इसे लेकर जानकारी दी है.

उन्होंने बताया कि ईदगाह के पीछे की तरफ गेट लगाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव हो गया. वहीं कुछ लोगों ने पथराव भी किया, जिसमें 2 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं. जानकारी दी गई है कि पुलिस ने भीड़ पर काबू पाने के लिए हल्का बल का प्रयोग किया है.

इस दौरान पुलिस ने आंसू गैस के चार-पांच गोले भी छोड़े. हालांकि स्थिति पर काबू पा लिया गया है, लेकिन पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है. वहीं घायल पुलिस कर्मियों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है.

पुलिस की तरफ से जानकारी दी गई है कि दोनों पक्षों से लोगों को हिरासत में लिया गया है और अन्य को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने बताया है कि ईदगाह के पीछे की तरफ गेट बनाया जा रहा था, इस दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध किया. इसके बाद विरोध ने हिंसक रूप ले लिया और झड़प हो गई.

Recent News