भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ इन दिनों 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है, जिसके बाद 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है जिसके लिए टीम की घोषणा कर दी गयी है. इस 15 सदस्यीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे. टीम में हार्दिक पांड्या, ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी, और तेज गेंदबाज मयंकर यादव भी शामिल हैं. इसके अलावा, वरुण चक्रवर्ती तीन साल बाद टी20 टीम में वापसी कर रहे हैं. भारत-बांग्लादेश टी20 सीरीज का पहला मैच 6 अक्टूबर को खेला जाएगा.
भारत और बांग्लादेश के बीच टी20 सीरीज का कार्यक्रम इस प्रकार है:
पहला टी20 - 6 अक्टूबर, ग्वालियर
दूसरा टी20 - 9 अक्टूबर, दिल्ली
तीसरा टी20 - 12 अक्टूबर, हैदराबाद
आपको बता दें, भारत और बांग्लादेश के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज के लिए कुछ प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दिया गया है, जिनमें शुभमन गिल, ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज शामिल हैं. ये सभी खिलाड़ी भारत और बांग्लादेश के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम का हिस्सा रहे हैं.
टीम का चयन कुछ हद तक अप्रत्याशित था. ओपनिंग बल्लेबाज के रूप में अभिषेक शर्मा को चुना गया है. हालांकि, यह साफ नहीं है कि उनके साथ कौन ओपनिंग करेगा. शुभमन गिल और ऋतुराज गायकवाड़ की अनुपस्थिति में, हो सकता है संजू सैमसन को अभिषेक के साथ ओपनिंग करनी पड़ेगी. संजू ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में केवल पांच मैचों में ओपनिंग की है, जिसमें उन्होंने 77 रन बनाए हैं.
वाशिंगटन सुंदर, जो एक बाएं हाथ के ऑलराउंडर हैं, भी एक विकल्प हो सकते हैं. हालांकि, सुंदर ने अभी तक टी20 में ओपनिंग नहीं की है. पिछले साल, उन्होंने एक वनडे मैच में ओपनिंग की थी, जिसमें उन्होंने 18 रन बनाए थे.
टी20 सीरीज में मयंक यादव, जो आईपीएल में अपनी शानदार गेंदबाजी से चमके थे उन्हें भी टीम में जगह मिली है. उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए अपनी तेजी से गेंदबाजी की थी. मयंक अब पूरी तरह से फिट हैं और उनकी गेंदबाजी की गति 150 किमी प्रति घंटा तक पहुंचती है.
टीम में विकेटकीपर के रूप में संजू सैमसन और जितेश शर्मा को रखा गया है. इसके साथ ही, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, रिंकू सिंह और रवि बिश्नोई ने भी टीम में जगह बनाई है.
बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, रियान पराग, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, मयंक यादव