नीतीश कुमार के बाल-बच्चे वाले बयान को लेकर अब तेजस्वी यादव ने भी पलटवार किया है. तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के सारे बयान, जो मेरे परिवार को लेकर आते हैं, सब माफ है, क्योंकि एनडीए गठबंधन में बैठे चार-पांच लोगों ने मेरे चाचा को हाईजैक कर रखा है.
तेजस्वी यादव ने कहा कि हम उनकी चिंता ही कर सकते हैं, वे जहां रहे स्वस्थ्य रहे यही कामना है. उन्होंने कहा कि जब उनके साथ थे तो बेटे की तरह खड़े रहे. तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने जो भी कहा हम उनको आशीर्वाद के रूप में लेते हैं.
दरअसल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने हाल ही में ज्यादा 'बाल-बच्चे' को लेकर टिप्पणी की थी. हालांकि, उन्होंने इस दौरान किसी का नाम नहीं लिया था. लेकिन उनका ये कमेंट राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार के लिए माना जा रहा है.
नीतीश कुमार ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लालू यादव सिर्फ अपने परिवारों की सोचते हैं, पहले पत्नी को मुख्यमंत्री बनाया और अब बेटी को बनाना चाहते हैं. सीएम नीतीश ने कहा कि हमारे लिए पूरा बिहार ही परिवार है, जबकि ये लोग (लालू परिवार) सिर्फ अपने बारे में ही सोचते हैं. इस दौरान नीतीश कुमार ने लालू के बच्चों की संख्या को लेकर कहा कि इतना पैदा किया जाता है, 9 गो बाल-बच्चा पैदा किया और घोटाले के आरोप लगने पर पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया.
दरअसल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार विधान परिषद में सभापति देवेश चंद्र ठाकुर के पक्ष में वोट मांग रहे थे. ज्ञात रहे कि सीएम नीतीश कुमार एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं. नीतीश कुमार ने सीतामढ़ी सहित पूरे बिहार की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि इन लोगों को बिहार की जनता से कोई लेनादेना नहीं, जबकि पूरा बिहार ही मेरा परिवार है.