राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित लगभग पूरा देश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है. कई राज्यों में पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया है. हालांकि आज दिल्ली में थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन बारिश जून के अंत में ही शुरू हो सकती है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 27-28 जून के आस-पास दिल्ली-एनसीआर में मानसून पहुंच सकता है.
बता दें कि अभी भी दिल्ली में भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी है और करीब 10 दिनों तक लोगों को राहत नहीं मिलने वाली है. इसी बीच बारिश की भी संभावना है, लेकिन इससे गर्मी में बहुत बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा.
वहीं दिल्ली से सटे राज्यों की बात करें तो उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ में भी लोगों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ सकती है. साथ ही राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार झारखंड, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, बंगाल के कुछ हिस्सो में और विदर्भ क्षेत्र में भी भीषण गर्मी पड़ने वाली है. वहीं असम में बाढ़ के कारण 26 लोगों की मौत हो गई है.
बता दें कि मौसम विभाग के द्वारा दिल्ली के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, बिहार और झारखंड के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों की स्थिति खराब होने वाली है और तत्काल राहत भी नहीं मिलने वाली है.
हालांकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 3 से 5 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने कहा है कि मेघालय, असम, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड और मणिपुर में इस दौरान 20 सेंटीमीटर से भी अधिक वर्षा हो सकती है. बता दें कि असम में भारी बारिश के चलते ब्रह्मपुत्र और बराक सहित विभिन्न नदियों का जल स्तर बढ़ा हुआ है.
वहीं राज्य के कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति भी बनी हुई है. राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की तरफ से बताया गया है कि राज्य में करीब 1 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं.
वहीं दिल्ली में भीषण गर्मी से कई लोगों की मौत की भी खबर है. बताया गया है कि यह आंकड़ा और बढ़ भी सकता है. इसे लेकर पुलिस उपायुक्तों ने जानकारी दी है. उन्होंने कहा है कि गर्मी से पिछले 24 घंटों में 33 लोगों की मौत हुई है. मरने वालों में ज्यादातर फुटपाथ रैन बसेरों में रहने वाले लोग थे. शुरुआती जांच में गर्मी के कारण मौत की बात कही गई है.
IMD ने बताया है कि उत्तर भारत में भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 19 से 21 जून के बीच पश्चिमी विक्षोभ के कारण थोड़ी राहत मिलेगी और दिल्ली, हरियाणा, पंजाब व उत्तर पश्चिमी यूपी में मौसम थोड़ा करवट लेगा. वहीं दिल्ली में 27 जून के आसपास मानसून लोगों को भिगोना शुरू कर देगा. इसके बाद ही लोगों को राहत मिलने का अनुमान जताया गया है.