मुंबई: अंबानी परिवार ने एक बार फिर गणपति बप्पा को धूमधाम से विदाई दी. एंटीलिया से शुरू हुए विसर्जन में पूरा परिवार और उनके खास मेहमान देसी अंदाज में नजर आए. इस बार सबसे ज्यादा ध्यान डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप पर गया, जिन्होंने भारतीय पारंपरिक पहनावे में सबका दिल जीत लिया.
टिफनी अपने पति माइकल बोलस के साथ मौजूद थीं. विसर्जन के लिए उन्होंने रॉयल ब्लू रंग की लंबी एथनिक ड्रेस चुनी. फुल स्लीव्स वाली अनारकली स्टाइल की इस ड्रेस पर गोल्डन बॉर्डर और कमर पर डोरी- लटकन वाली बेल्ट ने लुक को और खास बना दिया. बिना ज्यादा जेवर के वेवी हेयर और ग्लोइंग मेकअप के साथ उनका अंदाज काफी स्टाइलिश रहा. माइकल रस्ट ऑरेंज सिल्क कुर्ते में नजर आए.
इससे पहले बप्पा के स्वागत के दौरान टिफनी पिस्ता ग्रीन पर्ल एम्ब्रॉयडर्ड लहंगे में दिखीं. भारी ब्लाउज और कंट्रास्ट दुपट्टे के साथ मांग टीका व झुमके ने उन्हें पूरा देसी लुक दे दिया था. नीता अंबानी ने इस बार भी दो लुक अपनाए. पहले उन्होंने हरी सिल्क साड़ी पहनी, जिस पर जरी का काम और बूटियां थीं. हीरे-पन्ने के इयररिंग्स, ग्रीन बीड्स की माला, बिंदी और बालों में गजरा लगाकर उन्होंने शाही अंदाज दिखाया.
घाट पर पहुंचकर उन्होंने लुक बदल लिया और केसरिया रंग का प्लेन कुर्ता-पैंट पहना. गुलाबी चप्पल और डायमंड स्टड्स के साथ उनका यह सादा लुक पिछले साल जैसा ही था, लेकिन रईसी झलक साफ दिख रही थी. मुकेश अंबानी सफेद कुर्ते में उनके साथ थे.
राधिका मर्चेंट ने भी सिंपल ऑरेंज कुर्ता और येलो पैंट्स में मस्ती भरा अंदाज अपनाया. बिना जेवर के चोटी गूंथकर और सफेद चप्पल पहनकर वे अनंत अंबानी के साथ डांस करते नजर आईं. नीता की मां पूर्णिमा दलाल फ्लोरल प्रिंटेड कुर्ते में एलिगेंट दिखीं. अंबानी परिवार के इस भव्य विसर्जन में विदेशी मेहमानों का देसी टच सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना.