गंगा स्नान करती महिला का वीडियो AI से सेमी-न्यूड बनाकर वायरल! हरिद्वार में आक्रोश, श्री गंगा सभा ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

Amanat Ansari 16 Sep 2026 11:55 AM 1 Mins
गंगा स्नान करती महिला का वीडियो AI से सेमी-न्यूड बनाकर वायरल! हरिद्वार में आक्रोश, श्री गंगा सभा ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार के हरकी पैड़ी स्थित मालवीय घाट पर गंगा स्नान कर रही एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. लेकिन विवाद तब बढ़ा जब कुछ शरारती तत्वों ने मूल वीडियो को डाउनलोड कर एआई (AI) की मदद से उसमें छेड़छाड़ की और महिला को सेमी-न्यूड दिखाते हुए दोबारा वायरल कर दिया. इस घटना से श्री गंगा सभा में भारी आक्रोश है. सभा ने पुलिस से तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मालवीय घाट पर एक महिला गंगा में स्नान कर रही थी. किसी ने उसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर डाल दिया. इसके बाद कुछ लोगों ने इसी वीडियो को लेकर उसमें एआई तकनीक से छेड़छाड़ की. महिला के कपड़े बदलकर उसे आपत्तिजनक रूप में दिखाया गया और फिर वायरल कर दिया गया. वीडियो तेजी से फैलने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई. कई लोगों ने फैक्ट चेक कर यह दावा भी किया कि मूल वीडियो वास्तविक है, जबकि सेमी-न्यूड वाला वीडियो फर्जी और एआई जनरेटेड है. सूत्रों के अनुसार महिला मध्य प्रदेश की बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है.

श्री गंगा सभा का आक्रोश

श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा, ''एआई के माध्यम से हमारी माताओं और बहनों के चित्र सोशल मीडिया पर दर्शाए जा रहे हैं, यह अत्यंत निंदनीय है. कूटरचित साजिश रचकर तीर्थ स्थलों को बदनाम करके सीधा धर्म पर आघात किया जा रहा है. शासन-प्रशासन से मांग है कि वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए.''

पुलिस का कहना है कि अगर किसी की शिकायत आती है तो मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी. हरकी पैड़ी करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है. ऐसे में धार्मिक स्थल पर बनाए गए वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से तीर्थ पुरोहितों में गुस्सा है.

Recent News