TMC ने BJP पर स्ट्रॉन्ग रूम में EVM खोलने का लगाया आरोप, वीडियो किया जारी

Amanat Ansari 30 Apr 2026 10:48: PM 3 Mins
TMC ने BJP पर स्ट्रॉन्ग रूम में EVM खोलने का लगाया आरोप, वीडियो किया जारी

Bengal Assembly Elections: वोट गिनती से पहले पश्चिम बंगाल में एक नया राजनीतिक तूफान उठ खड़ा हुआ है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने एक वीडियो शेयर करते हुए गंभीर चुनावी अनियमितताओं का आरोप लगाया है और बीजेपी तथा चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाया है. TMC ने एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज में बिना किसी संबंधित पार्टी के प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बैलट बॉक्स खोले जाते दिख रहे हैं.

पार्टी ने इसे गंभीर चुनावी धांधली बताया और बीजेपी व चुनाव आयोग के बीच सक्रिय सांठगांठ का आरोप लगाया. TMC ने आगे आरोप लगाया कि चुनाव को प्रभावित करने के प्रयास अब नाम काटने और मतदाताओं को डराने-धमकाने से बढ़कर ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) के साथ छेड़छाड़ तक पहुंच गए हैं. पार्टी ने इसे हताशा की कार्रवाई बताया है. इन आरोपों के बाद तुरंत विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए हैं.

वरिष्ठ TMC नेता शशि पांजा और कुणाल घोष कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम के बाहर धरना दे रहे हैं. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी स्थिति का जायजा लेने वहां पहुंचने वाली हैं. यह विवाद राज्य में बढ़ती राजनीतिक तनाव के बीच सामने आया है. इससे पहले ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं से 4 मई को गिनती केंद्रों पर 24 घंटे पहरा देने की अपील की थी. एग्जिट पोल के अनुमानों को खारिज करते हुए उन्होंने दावा किया कि TMC निर्णायक जीत की ओर बढ़ रही है और पार्टी 226 सीटों का आंकड़ा पार कर जाएगी.

एक वीडियो संदेश में ममता बनर्जी ने सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों और वरिष्ठ नेताओं से गिनती केंद्रों पर व्यक्तिगत रूप से निगरानी रखने और सतर्क रहने को कहा. उन्होंने कहा, ''पहरा दो. अगर मैं पहरा दे सकती हूं, तो तुम भी दे सकते हो.'' उन्होंने गिनती प्रक्रिया पर 24 घंटे नजर रखने की बात कही. ममता बनर्जी ने बीजेपी के पक्ष में जा रहे एग्जिट पोल अनुमानों को भी खारिज किया और कहा कि ये TMC कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने के लिए किए जा रहे हैं. उन्होंने 2021 समेत पिछले चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे अनुमान वास्तविक नतीजों से मेल नहीं खाते.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मीडिया में कुछ खास कथा (नैरेटिव) को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि गिनती से पहले धारणा बनाई जा सके. बनर्जी ने दावा किया कि बीजेपी ने टीवी चैनलों को खास मैसेज भेजे हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें खुफिया जानकारी मिली है कि ये प्रोजेक्शन राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं.
TMC प्रमुख ने कहा, ''वे (बीजेपी) यह मीडिया अभियान इसलिए चला रहे हैं क्योंकि उन्हें स्पष्ट रूप से पता है कि वे हमें नहीं रोक सकते.''

ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को ईवीएम की आवाजाही पर खास नजर रखने की चेतावनी भी दी, खासकर स्ट्रॉन्ग (स्ट्रॉन्ग रूम) से गिनती हॉल तक ले जाते समय. उन्होंने आरोप लगाया कि इस महत्वपूर्ण समय में ''मशीनें बदलने की साजिश'' रची जा रही है.

एग्जिट पोल बीजेपी के पक्ष में

कम से कम पांच एग्जिट पोल ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी को बढ़त दिखाई है, जो राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव संकेत कर रहे हैं. इनमें टुडेज़ चाणक्य ने बीजेपी को करीब 192 सीटें दी हैं, जो बहुमत के निशान 147 से काफी ऊपर है, जबकि TMC को करीब 100 सीटें मिलने का अनुमान है.

अगर ये अनुमान सही साबित होते हैं, तो यह TMC के 15 साल के शासन का अंत कर सकता है और बीजेपी के लिए बड़ा उलटफेर साबित हो सकता है.
पश्चिम बंगाल में दो चरणों (23 और 29 अप्रैल) में मतदान हुआ था, जिसमें 90% से अधिक मतदान दर्ज किया गया.

भारी केंद्रीय बलों की तैनाती के बीच बीजेपी ने उच्च मतदान प्रतिशत को ''परिवर्तन'' (पोरिबोर्टन) का संकेत बताया. कई सर्वेक्षण इस रुझान का समर्थन करते हैं, जबकि कुछ करीबी मुकाबला या TMC की बढ़त भी बता रहे हैं. अंतिम नतीजे 4 मई को सामने आएंगे.

West Bengal election TMC BJP Election Commission ballot box tampering

Recent News