नई दिल्ली : तमिलनाडु की राजनीति में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ते हुए राज्य की सबसे बड़ी ताकत बनती नजर आ रही है. 2 फरवरी 2024 को पार्टी बनाने वाले विजय ने शुरुआत से ही साफ कर दिया था कि उनका लक्ष्य लोकसभा चुनाव नहीं, बल्कि सीधे 2026 विधानसभा चुनाव है. यही वजह रही कि उन्होंने पहला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा और पूरा फोकस संगठन मजबूत करने और बूथ स्तर तक तैयारी पर रखा.
29 मार्च 2026 को TVK ने तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारकर बड़ा राजनीतिक दांव खेला. शुरुआती रुझानों में पार्टी 113 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है और बहुमत के करीब पहुंचती दिख रही है. वहीं मौजूदा सत्ताधारी डीएमके पिछड़ती नजर आ रही है और तीसरे नंबर पर पहुंच गई है. यह रुझान तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है.
विजय के पूरे चुनाव अभियान में चार बड़े मुद्दे सबसे ज्यादा चर्चा में रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख, सामाजिक न्याय, युवाओं की राजनीति में भागीदारी, और शिक्षा व रोजगार. उन्होंने खुद को पारंपरिक द्रविड़ राजनीति के विकल्प के तौर पर पेश किया. खासतौर पर युवा वोटरों, पहली बार मतदान करने वालों और शहरी वर्ग में TVK को अच्छा समर्थन मिलता दिखा.
अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं और TVK सरकार बनाने में सफल रहती है, तो यह भारतीय राजनीति का एक ऐतिहासिक पल होगा. सिर्फ दो साल पहले बनी पार्टी का सीधे सत्ता के करीब पहुंच जाना बेहद असाधारण माना जाएगा. तमिलनाडु, जहां दशकों से डीएमके और एआईएडीएमके का दबदबा रहा है, वहां विजय ने तीसरा मजबूत विकल्प खड़ा कर दिया है. अब सबकी नजर अंतिम नतीजों पर टिकी हुई है.