Bihar Crime: पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के रसलपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक छोटे-से जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. महज दो इंच जमीन की बात पर हुए झगड़े में गोलीबारी हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
मृतकों में 50 वर्षीय राजवंती देवी और 55 वर्षीय देवसागर सिंह शामिल हैं. दोनों को कई गोलियां लगीं. उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन ज्यादा खून बहने के कारण उनकी मौत हो गई. घायल राजन प्रसाद का पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में इलाज चल रहा है.
परिवार के सदस्य जितेंद्र कुमार के अनुसार, श्रवण प्रसाद और राजकुमार यादव नामक दो चचेरे भाइयों के बीच सालों से छोटा-मोटा विवाद चल रहा था. शुक्रवार सुबह दोनों पक्ष बातचीत कर रहे थे, तभी राजकुमार यादव के बेटे शिवम कुमार यादव ने अचानक हथियार निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
गोली राजवंती देवी (श्रवण प्रसाद की पत्नी), उनके बेटे राजन प्रसाद और पड़ोसी देवसागर सिंह को लगी. परिवार का कहना है कि विवाद इतना बड़ा नहीं था कि इतनी हिंसा हो, सिर्फ दो इंच जमीन की सीमा को लेकर मामूली असहमति थी. आरोपियों ने वारदात के बाद मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है. ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है. पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल, एक तलवार और कई खाली कारतूस बरामद किए हैं.
सपी कुंदन कुमार सहित पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके में तनाव बरकरार है.