उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां वैवाहिक विवाद और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मौत से पहले युवक ने करीब चार मिनट का वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और उसकी बुआ के बेटे को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया. वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय युवक के माता-पिता घर के बाहर बैठे हुए थे. कुछ देर बाद पिता जब कमरे के अंदर पहुंचे तो बेटे को फंदे से लटका पाया. पास में रखा मोबाइल फोन रिकॉर्डिंग मोड में था, जिसमें युवक अपनी आपबीती और आत्महत्या की वजह बता रहा था. परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. मौके से मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर वीडियो को जांच का हिस्सा बनाया गया है. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी और उसमें लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से पड़ताल होगी.
मृतक के पिता का आरोप है कि उनकी बहू का अपने फुफेरे भाई से संबंध था, जिसके चलते उनके बेटे को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. इसी तनाव में उसने यह कदम उठाया. पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पत्नी, सास, साले, साली और फुफेरे साले के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, वीडियो रिकॉर्डिंग, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि वीडियो में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही तय होगी.