लोकसभा चुनाव से पहले दमदार रणनीति अपनाते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया, जो उनके दूसरे कार्यकाल में पहला विस्तार है। इस फेरबदल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से दो नए चेहरे, राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) से एक और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) एक नया चेहरा शामिल है।
पिछले साल समाजवादी पार्टी के साथ रहने के बाद भाजपा में वापसी करने वाले दारा सिंह चौहान और साहिबाबाद से भाजपा विधायक सुनील कुमार शर्मा को कैबिनेट में जगह दी गई है। इसके अलावा, मुजफ्फरनगर के पुरकाजी से आरएलडी विधायक अनिल कुमार और एसबीएसपी प्रमुख ओपी राजभर ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
यह मंत्रिमंडल विस्तार राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुआ। इस कदम का मुख्य उद्देश्य आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारी के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों में भाजपा को मजबूत करना है।
शपथ लेने के बाद सुनील कुमार शर्मा ने कहा, "मुख्यमंत्री और पार्टी ने मुझे जो काम दिया है मैं उसे जिम्मेदारी से निभाऊंगा। इस बार लोकसभा चुनाव में हम सभी 80 सीटें जीतेंगे..."
नए बदलाव के साथ उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद में कुल अब 52 सदस्य हो गए हैं। इनमें 18 कैबिनेट मंत्री, 14 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 20 राज्य मंत्री शामिल हैं। यह विस्तार आरएलडी नेता जयंत चौधरी की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मुलाकात के बाद हुआ, जिससे सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ आरएलडी का गठबंधन मजबूत हो गया है। रालोद ने पहले ही आगामी आम चुनाव के लिए बिजनौर और बागपत में अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।
मुजफ्फरनगर के मीरापुर से मौजूदा विधायक चंदन चौहान बिजनौर से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं, जबकि रालोद के वरिष्ठ नेता डॉ. राजकुमार सांगवान बागपत लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
भाजपा में लौटने के बाद पिछले साल घोसी विधानसभा उपचुनाव हारने वाले दारा सिंह चौहान ने जनवरी में यूपी विधान परिषद के लिए निर्वाचित होकर जीत हासिल की। वहीं, सुनील कुमार शर्मा गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
इसी तरह, ओपी राजभर 2023 में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में फिर से शामिल हो हुए, जिससे उनकी राजनीति में एक महत्वपूर्ण वापसी हुई है। राजभर जहां गाजीपुर जिले के जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, वहीं अनिल कुमार मुजफ्फरनगर के पुरकाज़ी (अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट) से विधायक हैं।