लखनऊ : उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ता में जमकर आक्रोश देखने को मिल रहा है. बिजली बिल ज्यादा आने और बिजली कट जाने की वजह से विभाग के कार्यालय में उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ रही है. स्मार्ट मीटर को लेकर हो रही समस्याओं को देखते हुए योगी आदित्यनाथ ने समाधान को लेकर निर्देश दिया था, जिसके बाद स्मार्ट मीटर इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई है. वहीं, बैलेंस शून्य होने पर भी बिजली न काटने को लेकर निर्देश दिया गया है. रविवार और त्यौहार के दिन बिजली नहीं कटेगी. ऊर्जा मंत्री ने निर्देशित करते हुए कहा कि जिनका बैलेंस नेगेटिव हो, उन्हें फोन और एसएमएस के माध्यम से सूचना दिया जाए.
स्मार्ट मीटर की समस्याओं को लेकर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बैठक की. बैठक में ऊर्जा मंत्री ने कहा कि स्मार्ट मीटर में उठ रहे तकनीकी मुद्दों की समीक्षा के लिए तकनीकी समिति का गठन किया है. जब तक रिपोर्ट न आ जाए, तब तक पुराने मीटरों को स्मार्ट प्रीपेड मीटर में तब्दील नहीं किया जाए. जिन जगहों पर इस्पात प्रीपेड मीटर लगा चुके हैं. बैलेंस शून्य होने पर अगले तीन दिन और 2 किलो वाट के कनेक्शन पर 200 रुपये तक नेगेटिव बैलेंस होने पर बिजली नहीं काटी जाए. त्यौहार व अवकाश के दिन बिजली नहीं काटने को लेकर निर्देश दिया.
बैलेंस कम होने पर न कटे बिजली
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि स्मार्ट मीटर में बैलेंस कम होने पर कॉल और एसएमएस के माध्यम से उपभोक्ताओं को अवगत कराया जाए. विद्युत बिल भुगतान होने पर आपूर्ति बहाल की जाए, इसके लिए 24 घंटे तकनीकी और प्रशासनिक इंतजाम भी किए जाए. स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का समाधान तेजी के साथ किया जाए और भुगतान के बाद पावर स्टोर भी जल्द किया जाए. ऐसा न होने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.