उत्तराखंड में 93 निकायों में चुनाव को लेकर जून के आखिर में हो सकती है घोषणा

Global Bharat 03 May 2024 06:35: PM 1 Mins
उत्तराखंड में 93 निकायों में चुनाव को लेकर जून के आखिर में हो सकती है घोषणा

उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर मतदान की प्रक्रिया संपन्न हो गई है. जिसके बाद अब निकायों के चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं. राज्य निर्वाचन आयोग जून महीने के अंत में नगर निकायों के चुनाव संबंधित अधिसूचना जारी कर सकता है. प्रदेश में 102 नगर निकाय हैं. जिसमें से इस बार 93 निकायों में चुनाव करवाये जाएंगे.

इन निकायों में 8 नगर निगमों, 41 नगर पालिका परिषदों और 44 नगर पंचायतों में चुनाव होंगे. इस बार निकाय चुनाव में करीब 27 लाख 36 हजार 855 मतदाता मतदान करेंगे. राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान समय में 93 निकायों में कुल 27 लाख 36 हजार 855 मतदाता हैं. जिसमें 1410503 पुरुष, 1325445 महिला और 907 अन्य मतदाता शामिल हैं.

निकायों के मतदाता सूची में तमाम लोगों के नाम शामिल न होने और कई खामियां होने के चलते राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिला अधिकारियों को पत्र भेज कर विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए थे. इसके बाद प्रत्येक वार्ड में 7 दिन का विशेष शिविर चलाया जा रहा है. ऐसे में लोगों के नाम जोड़ने और तमाम खामियों को दूर करने के बाद मई महीने के अंत तक फाइनल मतदाताओं की सूची सामने आने की संभावना है.

उत्तराखंड राज्य में कुल 102 नगर निकाय हैं. आगामी संभावित निकाय चुनाव में 93 नगर निकायों में ही चुनाव कराए जाने हैं. रुड़की नगर निगम का कार्यकाल अभी समाप्त नहीं हुआ है. रुड़की नगर निगम क्षेत्र में निकाय चुनाव नहीं कराए जाएंगे.

इसके साथ ही नगर पालिका परिषद बाजपुर हरबर्टपुर नरेंद्र नगर और रुद्रप्रयाग के साथ ही नगर पंचायत कीर्तिनगर में परिसीमन का काम पूरा न होने के चलते चुनाव नहीं कराए जाएंगे. इसके अतिरिक्त चमोली जिले के बदरीनाथ नगर पंचायत, रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ नगर पंचायत और उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री नगर पंचायत में प्रशासनिक और हिमच्छादित क्षेत्र होने के कारण यहां चुनाव नहीं कराया जाता है.

Recent News