नई दिल्ली: केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भारतीय जनता पार्टी ने इतिहास रच दिया है. पार्टी के वीवी राजेश शुक्रवार को नगर निगम के मेयर चुने गए, जो केरल में भाजपा की किसी नगर निगम पर पहली जीत है. इससे चार दशक से अधिक समय से चले आ रहे वाम मोर्चे को बड़ा झटका लगा है.
मेयर चुनाव में वीवी राजेश को 50 भाजपा पार्षदों के अलावा एक निर्दलीय पार्षद का समर्थन मिला, जिससे उन्हें कुल 51 वोट प्राप्त हुए. वहीं, यूडीएफ उम्मीदवार केएस सबरीनाथन को 17-19 वोट और एलडीएफ के आरपी शिवाजी को 29 वोट मिले. एक वार्ड में मतदान नहीं हुआ था, इसलिए सदन की प्रभावी संख्या 100 थी.
जीत के बाद वीवी राजेश ने इसे ऐतिहासिक बताया और कहा कि सभी 101 वार्डों में बिना भेदभाव के विकास कार्य किए जाएंगे. उन्होंने वादा किया कि मिलकर काम करते हुए तिरुवनंतपुरम को देश के सबसे विकसित शहरों में शामिल किया जाएगा. साथ ही सड़क सुरक्षा जैसे शुरुआती प्रस्तावों पर जोर दिया जाएगा.
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने इस जीत को तिरुवनंतपुरम के लोगों के लिए ऐतिहासिक क्षण करार दिया. उन्होंने कहा कि लोगों की लंबे समय की आकांक्षाओं को अब राजनीतिक अभिव्यक्ति मिली है और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत पूरा किया जाएगा. गोपी ने जोर देकर कहा कि तिरुवनंतपुरम निगम में मोदी शासन की ताकत साबित की जाएगी, जिसका असर न केवल केरल बल्कि पूरे दक्षिणी राज्यों में पड़ेगा.
उन्होंने नए मेयर को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी नेताओं का पूरा समर्थन का आश्वासन भी दिया. यह जीत भाजपा के लिए केरल की राजनीति में नई शुरुआत का संकेत मानी जा रही है, खासकर आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले.