नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में तेज गर्मी के बीच मूसलाधार बारिश, आंधी-तूफान और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है. 10 से 15 मई के दौरान उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
वहीं पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में 15 मई तक लू की स्थिति बनी रहेगी. मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 12-13 मई को भीषण गर्मी पड़ सकती है. दिल्ली में 11 मई को अधिकतम तापमान 37-39°C के आसपास रहने की संभावना, उसके बाद बादल और बारिश से ठंडक बढ़ेगी. 10 मई को उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख आदि में गरज-चमक के साथ हल्की-मध्यम बारिश/बर्फबारी की संभावना जताई गई है. 11-14 मई के दौरान इन क्षेत्रों में तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा) और व्यापक बारिश की संभावना है. 11-13 मई में कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं.
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 11-14 मई और उत्तर प्रदेश में 12-14 मई को हल्की बारिश संभवाना है. वहीं 10-15 मई के दौरान असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश आदि में गरज-चमक और तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 12-15 मई के बीच नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में भारी बारिश, 14-15 मई को असम-मेघालय में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है. बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 10-15 मई के दौरान छिटपुट बारिश, गरज और 30-60 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं.
10 मई को छत्तीसगढ़ और 12-13 मई को बिहार में तेज हवाओं (50-70 किमी/घंटा) की संभावना है. महाराष्ट्र में अगले 2 दिनों में हल्की-मध्यम बारिश हो सकत है. साथ ही अंडमान-निकोबार, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 10-15 मई के दौरान बारिश और गरज-चमक का अनुमान लगाया गया है.
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 7 दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान में 2-5°C की बढ़ोतरी हो सकती है. पूर्वी भारत में भी 11-14 मई तक थोड़ी गर्मी बढ़ने की संभावना है. यह जानकारी IMD के नवीनतम फोरकास्ट पर आधारित है. मौसम अचानक बदल सकता है, इसलिए स्थानीय अपडेट जरूर देखें.