कलकत्ता: तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है. पुलिस ने पार्टी के 12 और बैंक खातों को फ्रीज कर दिया. इन सभी खातों में कुल मिलाकर करीब 1000 करोड़ रुपए जमा होने का अनुमान है. इस कार्रवाई के साथ ही अब TMC के कुल 15 बैंक खाते सील हो चुके हैं. ये खाते अलग-अलग सरकारी और प्राइवेट बैंकों में हैं. पुलिस ने इन खातों को खोलने वाले अधिकारियों की जानकारी और सभी लेन-देन का पूरा ब्योरा मांगा है.
कोर्ट ने दी थी सीमित राहत, फिर भी ताला
गुरुवार को कलकत्ता हाई कोर्ट ने TMC को HDFC बैंक के तीन खातों (लगभग 440 करोड़ रुपए) से सीमित इस्तेमाल की अनुमति दी थी. इनमें सिर्फ दफ्तर खर्च, स्टाफ सैलरी और कानूनी खर्च के लिए पैसे निकालने की छूट दी गई थी. अदालत ने रिटायर्ड जस्टिस सुब्रत तालुकदार को विशेष अधिकारी नियुक्त किया, जिनकी मंजूरी के बिना कोई चेक जारी नहीं हो सकेगा. लेकिन पुलिस ने अब 12 नए खातों पर ताला लगाकर पार्टी को फिर से बड़ा झटका दिया है.
यह पूरा मामला TMC के आंतरिक कलह से जुड़ा है. विधानसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी के बागी नेताओं और विधायकों ने बैंक खातों में अनियमितताओं की शिकायत की थी. बिधाननगर पुलिस के साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की.
ED की भी अलग कार्रवाई
इन खातों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में रोक लगाई हुई है. TMC ने ED के इस एक्शन को कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती दी है. अदालत सोमवार को इस याचिका पर सुनवाई करेगी. ED की कार्रवाई एक प्राइवेट एविएशन कंपनी से जुड़े 160 करोड़ रुपए के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ी है. TMC पर यह बड़ी कार्रवाई पार्टी के आंतरिक संकट और वित्तीय लेन-देन की जांच को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है.