नई दिल्ली: 2019 में एक मूवी आई थी, नाम था पति पत्नी और वो. पता नहीं आपने देखी या नहीं, लेकिन इस मूवी के कुछ महीने बाद कोविड की महामारी से हाहाकार तो आपको याद ही होगा. लेकिन इस हाहाकार के बीच दो दिल मिल रहे थे. दोनों के बीच प्यार, मोहब्बत, चाहत, इश्क़, राग, अनुराग, स्नेह- सब कुछ था, पर अब हाल ये है कि दोनों एक दूसरे का चेहरा देखना भी शायद ही पसंद करते हों. ये कहानी है भारतीय टीम के बेहतरीन लेग स्पिनर यजुवेंद्र चहल की जिंदगी के आए सबसे बड़े भूचाल की है. धनश्री से रिश्ता जुड़ने और टूटने के बीच के उस सफर की, जिसमें पति-पत्नी के बीच एंट्री होती है 'वो' की.
इस लव स्टोरी की शुरूआत तब होती है, जब कोविड में लॉकडाउन के वक्त चहल को डांस का शौक चढ़ता है. फिजिकल गैदरिंग हो नहीं सकती थी, तो वो ऑनलाइन क्लास ज्वाइन कर लेते हैं. और इस डांस क्लास में बतौर टीचर उनकी मुलाकात धनश्री वर्मा से होती है. चहल की जिंदगी अब बदलने जा रही थी. लेकिन इतनी जल्दी और इस तरह से ये शायद किसी को नहीं पता था. कुछ ही महीने गुजरते हैं कि चहल और धनश्री की चट मंगनी और पट ब्हाय वाला सीन हो जाता है. चहल एक इंटरव्यू के दौरान इस जल्दबाजी को अपने रिश्ते के पीछे की सबसे कमजोर कड़ी भी बताते हैं.
वह कहते हैं कि मैंने डेट नहीं किया और बिना जाने-पहचाने धनश्री को जाकर सीधा शादी करने के लिए पूछ लिया. दो-तीन महीनों बाद यानी अगस्त में सगाई और फिर दिसंबर 2020 में शादी हो गई. ऐसे में एक-दूसरे को समझने का मौका मिला ही नहीं. इस रिश्ते को टूटने की वजहों में कुछ लोग चहल की वाइफ का नाम एक अन्य भारतीय क्रिकेटर के साथ जुड़ने को भी बताते हैं. लेकिन इसका असल सच क्या है, ये हम आपको बताते हैं.
धनश्री के साथ नाम जुड़ने वाले उस भारतीय क्रिकेटर का नाम है श्रेयस अय्यर है. धनश्री के साथ श्रेयस को पहली बार तब देखा गया था, जब उनका एक डांस वीडियो जमकर वायरल हुआ था. उसके बाद ये कयास लगाए जाने लगे कि दोनों अच्छे दोस्त हैं या फिर ये रिश्ता दोस्ती से भी आगे है. मगर, श्रेयस और धनश्री के रिलेशन में एक और एंगल जुड़ता है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा. धनश्री की काफी अच्छी दोस्ती है. दोनों ही प्रोफेशनल डांसर और कोरियोग्राफर हैं. बहन श्रेष्ठा के जरिए ही श्रेयस की धनश्री से मुलाकात हुई और दोस्ती भी.
यहीं वजह है कि श्रेयस और धनश्री कई बार इवेंट्स में एक साथ देखे जा चुके हैं. हालांकि दोनों के बीच कुछ है, ये कहना सही नहीं है. सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग गैंग की सोच से उपजी इस गलतफहमी को हमें अपने दिमाग से साफ कर लेना चाहिए. यानी चहल और धनश्री के बीच पति-पत्नी और वो वाला सीन बिल्कुल भी नहीं था. फिर वजह क्या रही? क्यों दोनों एक दूसरे से दूर हो गए? वहीं कुछ लोगों का कहना है कि दोनों ने दुनिया को एक साथ इतना प्यार दिखाया कि दोनों के रिश्ते को ही नजर लग गई और फिर वो हुआ, जो शायद नहीं होना चाहिए.
फिलहाल दोनों अपनी-अपनी जिंदगियों में व्यस्त हैं. लेकिन सोशल मीडिया पर दोनों की एक्टिविटी को देखकर चर्चाओं का बाजार बार-बार गर्म हो जाता है. हालांकि क्रिकेट जगत की बात करें तो सिर्फ चहल ही नहीं, बल्कि और भी कई फेमस खिलाड़ी हैं, जो क्रिकेट के मैदान में तो बाजी मार गए, लेकिन निजी जिंदगी में प्यार की पिच पर क्लीन बोल्ड हो गए और आज अलग-अलग हो गए हैं.
लेकिन तलाक के दर्द से कराहते क्रिकेट जगत में दूसरी तरफ विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की कहानी भी है, रोहित शर्मा और रीतिका सजदेह की लव स्टोरी भी है. जो आज तक कायम है और उनके प्रशंसक उन्हें ऐसे ही हंसी-खुशी जिंदगी जीते हुए देखना भी चाहते हैं.