आपने अक्सर पति के द्वारा पत्नी के साथ अत्याचार की खबर सुनी होगी, लेकिन इस बार मामला उल्टा है. दरअसल यूपी के बिजनौर में एक पत्नी ने अपने ही पति के साथ अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी हैं. वहीं जब घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई तब परिवार वालों को यकीन हुआ. जानकारी मिली है कि पति ने बेडरूम में कैमरे लगवा दिए थे और इसकी जानकारी किसी को नहीं हो पाई थी.
वहीं अब सीसीटीवी के फुटेज वायरल हो रहे हैं. इसमें पत्नी अपने ही पति पर अत्यांचार करती साफ नजर आ रही है. पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. परिजनों ने बताया कि बहू ने शादी से पहले प्याीर का झूठा नाटक रचा था. वह उसके घर पहुंचकर शादी की जिद पर अड़ गई थी. इस पर दोनों परिवारों ने मिलकर 17 नवंबर 2023 को मुस्लिम रीति रिवाज से उनका निकाह करा दिया था.
सीसीटीवी की नहीं थी आरोपी पत्नी को जानकारी
पीड़ित के पिता ने बताया कि शादी के बाद से ही उसके बेटे का जीना हराम हो गया था. उसकी पत्नी आए दिन तमाशे करती थी और उसके साथ मारपीट करती थी. जिसके बाद उसके पति ने अपने बेडरूम में कैमरे लगवाए थे और इसकी जानकारी आरोपी पत्नी को नहीं थी. वहीं वारदात सीसीटीवी में कैद होने से लोग हैरान हैं.
जानकारी मिली कि 29 अप्रैल को पत्नी ने अपने पति को नशे की गोलियां दूध में देकर उसके दोनों हाथ बांधकर अमानवीयता की हदें पार कर डाली थी. बताया गया कि पति को बेसुध करने के बाद पत्नी ने अपने पति के नाजुक अंगों को सिगरेट से कई बार दागा. इस दौरान पति दर्द से कराहता और चीखता रहा, लेकिन उसे रहम नहीं आया.
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है पीड़ित पति
वहीं पीड़ित पति को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां गंभीर हालत में उसका इलाज चल रहा है. इसे लेकर एसपी पूर्वी बिजनौर धर्म सिंह मार्छल ने बताया कि पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और गिरफ्तार करने के बाद उसे जेल भेजने की कवायद शुरू कर दी है.