टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा टेस्ट कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस टेस्ट मैच के चौथे दिन भारतीय टीम के स्टार सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल ने बड़ा कीर्तिमान अपने नाम किया. टीम के युवा ओपनर यशस्वी जयसवाल ने बांग्लादेश के खिलाफ कानपुर में चौथे दिन अपनी बेहतरीन बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन किया. उन्होंने महज़ 31 गेंदों में पचासा जड़ एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया. जयसवाल के इस पचासे के साथ ही उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज़ वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ दिया है.
दरअसल भारतीय पहली पारी में यशस्वी जयसवाल ने पहले दो गेंदों पर कोई रन नहीं बनाया, लेकिन फिर उन्होंने लगातार तीन गेंदों पर चौके मारकर अपने इरादे साफ कर दिए. इसके बाद, उन्होंने एक और चौका और फिर एक छक्का और दो चौके लगाकर महज़ 13 गेंदों में 30 रन बना दिए. गौरतलब हो जयसवाल लंबे वक्त से काफी शानदार फॉर्म में हैं, और लग रहा था कि वह ऋषभ पंत का 28 गेंदों में बनाया गया सबसे तेज़ अर्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ देंगे.
हालांकि, रोहित शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद, यशस्वी ने थोड़ी धीमी गति से खेलना शुरू किया. लेकिन, उन्होंने लगातार अच्छे शॉट्स खेले और महदी हसन और तैजुल इस्लाम के खिलाफ कुछ और चौके मारकर अपना अर्धशतक 31 गेंदों में पूरा किया. इस तरह, उन्होंने शार्दुल ठाकुर के साथ 31 गेंदों में पचासा बनाने के रिकॉर्ड की बराबर की और वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ दिया. आपको बता दें, टीम इंडिया के दिग्गज पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 32 गेंदों में अर्धशतक बनाया था.
आपको बता दें, यशस्वी का यह अर्धशतक उनके टेस्ट करियर का सबसे तेज़ अर्धशतक है. उन्होंने कुल 51 गेंदों में 72 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 2 छक्के शामिल थे. उनकी इस पारी ने न सिर्फ उनकी प्रतिभा को उजागर किया, बल्कि भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में भी पहुंचा दिया.