देवरिया : उत्तर प्रदेश के बनकटा गांव की एक महिला ने दो दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में अपने घर तक आने-जाने का रास्ता बंद किए जाने की शिकायत की थी. महिला ने बताया था कि दबंग लोगों ने उसके घर का रास्ता रोक दिया है, जिससे परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने पहुंचा तो उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने साफ तेवर में कहा था कि यदि महिला के घर का रास्ता नहीं खुलता है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, जरूरत पड़े तो अधिकारियों को निलंबित किया जाए. जनता दरबार में मुख्यमंत्री के इस रुख के बाद प्रशासन हरकत में आया.
अब महज दो दिन बाद प्रशासनिक कार्रवाई का असर जमीन पर दिखाई दिया. पूरा प्रशासनिक अमला जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचा और महिला के घर तक जाने वाले रास्ते को दबंगों के कब्जे से मुक्त कराया गया. रास्ता खुलवाने के साथ ही वहां सड़क का निर्माण भी कराया गया, जिससे महिला और उसके परिवार को बड़ी राहत मिली.
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद हुई इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा है. आम तौर पर जमीन और रास्ते से जुड़े विवादों में पीड़ितों को लंबे समय तक अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन इस मामले में शिकायत सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंची और महज दो दिन में प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर दी.