आधी रात बुलडोजर कांड पर योगी सरकार का बड़ा ऐक्शन, कोतवाल समेत 5 पुलिसकर्मी और लेखपाल सस्पेंड

Amanat Ansari 23 Sep 2026 05:35 PM 1 Mins
आधी रात बुलडोजर कांड पर योगी सरकार का बड़ा ऐक्शन, कोतवाल समेत 5 पुलिसकर्मी और लेखपाल सस्पेंड

अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में आधी रात को हुए बुलडोजर कांड पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. कोतवाल समेत 5 पुलिसकर्मियों और एक लेखपाल को सस्पेंड कर दिया गया है. तीन जेसीबी भी जब्त की गई हैं, जबकि दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मामले में कोतवाल संतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार पांडेय और कांस्टेबल उपेंद्र यादव को सस्पेंड किया गया है.

इनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है. इसके अलावा लेखपाल रोहित कुमार को भी सस्पेंड कर दिया गया है. घटना आधी रात की है जब 50-60 नकाबपोश लोग तीन जेसीबी लेकर पहुंचे और 10 से अधिक मकानों-दुकानों को ध्वस्त कर दिया. आरोप है कि पीड़ितों को सामान निकालने तक का मौका नहीं दिया गया.

विरोध करने पर उन्हें असलहा दिखाकर धमकाया गया. नकाबपोशों ने रास्ते को दोनों ओर से घेर लिया था. इस घटना ने कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आधी रात को इतना बड़ा जमावड़ा पुलिस और प्रशासन की नजर से कैसे बच गया, यह सवाल अभी भी बना हुआ है.

कई परिवारों की रोजी-रोटी छिनी

  • इस बुलडोजर कांड से कई दुकानदारों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई है.  
  • शरिफपुर के रविंद्र की फर्नीचर दुकान में करीब डेढ़ लाख रुपए का नुकसान  
  • मोहराई के अनिल कुमार की फास्ट फूड दुकान में करीब 50 हजार रुपए  
  • कमलेश की लकड़ी की दुकान में करीब 50 हजार रुपए  
  • रामकीरत की सब्जी की दुकान भी मलबे के नीचे दब गई (लगभग 60 हजार रुपए का नुकसान)

ठेला, सब्जियां, भूसा और अन्य सामान भी नष्ट हो गए. प्रभावित परिवारों के सामने अब तीन चुनौतियां हैं- रहने की व्यवस्था, रोजी-रोटी कमाने का नया उपाय और मलबे से सामान निकालना. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और पीड़ित परिवारों से जानकारी जुटाने की जांच शुरू कर दी है. दो आरोपी इंद्रजीत वर्मा और राहुल चौधरी हिरासत में हैं.

Recent News