पटना: बिहार की राजधानी में शनिवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. लालबाग इलाके में एक युवक को घर में घुसकर चाकू से गला रेतकर मार दिया गया. मृतक की पत्नी भी इस हमले में बुरी तरह घायल हो गई. पुलिस और परिजनों के अनुसार, 30 वर्षीय मोहम्मद नवाज की हत्या उनके भतीजी को परेशान करने वाले सत्यम नाम के लड़के ने की.
अस्पताल में भर्ती नवाज की पत्नी नाजिया परवीन ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे जब वह और उनके पति सो रहे थे, तभी अचानक उनकी आंख खुली. उन्होंने देखा कि एक लड़का पति के सीने पर बैठा हुआ था और चाकू से उनका गला काट रहा था. नाजिया ने अपनी दो साल की बेटी को बचाते हुए हमलावर को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसे भी चाकू मार दिया गया.
हमलावर के जाने के बाद नाजिया ने शोर मचाया. मृतक के बड़े भाई ने बताया कि सत्यम उनके बेटी को स्कूल जाते समय लगातार परेशान करता था. शुक्रवार को आरोपी ने घर पर पत्थर भी फेंके थे. इसके बाद परिवार वालों ने उसे पकड़कर समझाया और चेतावनी दी थी. इसी गुस्से में आरोपी शनिवार सुबह तीसरी मंजिल तक चढ़कर सो रहे नवाज पर हमला कर दिया.
घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी गुस्सा फैल गया. स्थानीय लोगों ने अशोक राजपथ पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया. टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई. सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए, जिससे यातायात कई घंटों तक ठप रहा. प्रदर्शनकारियों ने मुख्य आरोपी सत्यम की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की.
टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली. उन्होंने बताया कि हमलावर की पहचान हो चुकी है और पुलिस की टीम उसे पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है. प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है. शव का पोस्टमार्टम पूरा कर परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि घायल महिला का पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में इलाज चल रहा है.