नई दिल्ली: मध्य प्रदेश में चैंपियंस ट्रॉफी के जश्न का मामला चल ही रहा था कि सोशल मीडिया पर जारी एक और वीडियो ने विवाद खड़ा कर दिया है. दावा किया जा रहा है कि यहां जीत की खुशी में हुड़दंग कर रहे कुछ युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया और सिर मुंडवाकर उसका जुलूस निकलवाया. पूरा मामला देवास का बताया जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि ICC चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मैच में जीत के बाद देवास शहर के एबी रोड स्थित सयाजी द्वार पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई थी.
खुशी में उत्साहित लोग बम-पटाखे फोड़ने लगे, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी हो रही थी. जब मौके पर मौजूद सिटी कोतवाली टीआई अजय सिंह गुर्जर ने लापरवाही पूर्वक इधर-उधर एक-दूसरे पर पटाखे फेंक रहे युवकों को समझाने की कोशिश की तो नाराज युवकों ने उनके साथ अभद्रता की. आरोप है कि उग्र उपद्रवियों ने पुलिस वाहन में तोड़फोड़ करने की कोशिश की. टीआई किसी तरह अपना वाहन निकालने में सफल रहे.
घटना के एक दिन बाद पुलिस ने हुड़दंग करने वाले युवकों को वीडियो देखकर चिन्हित किया और सभी को हिरासत में ले लिया. पूछताछ के बाद सभी का मुंडन कर एमजी रोड पर जुलूस निकाला. जुलूस के दौरान युवक मुंह छुपाते नजर आए. सीएसपी दीशेष अग्रवाल ने जानकारी दी है कि रविवार रात शहर के बीचो-बीच स्थित सयाजी द्वार पर कुछ असामाजिक तत्व माहौल खराब कर रहे थे. वीडियो के आधार पर 10 लोगों को चिह्नित किया गया और शांति भंग करने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया गया.
इसी बीच मंगलवार को स्थानीय विधायक गायत्री राजे ने विधानसभा में उठाया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने कहा कि देवास एसपी से भी बात कर कार्रवाई की मांग की गई है. विधायक ने कहा कि जिन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है उनके किसी भी अपराध में शामिल होने के सबूत नहीं मिले. मैंने उन्हें जल्द से जल्द रिहा करने की मांग की है. विधायक ने कहा कि जल्द सभी को छोड़ दिया जाएगा.