उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और इस वजह से लोगों की मौत भी हो रही है. ताजा मामला यूपी के मिर्जापुर से जुड़ा हुआ है, जहां लू के कारण चुनाव ड्यूटी में लगे 13 कर्मचारियों की मौत हो गई है. मृतकों में 6 सुरक्षा कर्मी भी शामिल हैं.
हिला देने वाली इस खबर को लेकर मिर्जापुर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल आरबी लाल ने बताया कि हमारे पास कुल 23 जवान आए हैं जिनमें 6 जवानों की जान चली गई है. 2 जवानों की हालत गंभीर है. मृतकों को तेज बुखार था, उनका बीपी बहुत ज्यादा था और शुगर लेवल भी बहुत ज्यादा था. ब्रेन स्ट्रोक की संभावना थी.
उन्होंने बताया कि ''मुझे बताया गया कि यहां लाए जाने से पहले ही वे बेहोश हो गए थे. वे यहां चुनाव ड्यूटी पर थे. वहीं एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक मिर्जापुर में चुनाव ड्यूटी में तैनात अब तक कुल 13 चुनाव कर्मचारियों की मौत हो चुकी है.
बता दें कि इसकी सूचना मिलने पर जिला निर्वाचन अधिकारी सहित कई अधिकारी ट्रामा सेंटर पहुंचे. चुनावी ड्यूटी से आए कुल 23 जवानों को मंडलीय चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था. जिसमें 20 होमगार्ड, एक फायर, एक पीएसी और एक पुलिस का जवान है. सभी की चुनावी ड्यूटी के दौरान हालत बिगड़ने पर ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था.
वहीं मृतकों के परिजनों को सूचित कर प्रशासन कार्रवाई में जुटा हुआ है. मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल राज बहादुर कमल ने कहा कि मिर्जापुर में 13 चुनाव कर्मियों की बुखार और हाई बीपी मौत की वजह बन सकती है, हालांकि सटीक कारण का पता लगाया जा रहा है.