अमूल दूध महंगा होने के बाद अब मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर उपभोक्ताओं को झटका दे दिया है. इसी के साथ मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर बाजार में दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है. इसमें टोकन मिल्क भी शामिल है.
मदर डेयरी की तरफ से बताया गया है कि बढ़ी हुई कीमतें सोमवार 3 जून 2024 से प्रभावी हो गई हैं. यह मूल्य कंपनी के मिल्क के सभी वेरिएंट और बाजारों पर लागू होगा, जहां मदर डेयरी का ऑपरेशन है. कंपनी का कहना है कि पिछले 15 महीनों में बढ़ती इनपुट लागतों की वजह से वह दाम बढ़ाने पर विवश हुई.
बता दें कि कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में फुल क्रीम दूध 68 रुपए प्रति लीटर, टोन्ड दूध 56 रुपए प्रति लीटर और डबल टोंड दूध 50 रुपए प्रति लीटर मिलेंगे. भैंस और गाय के दूध की कीमतें अब क्रमशः 72 रुपए और 58 रुपए प्रति लीटर हैं, जबकि टोकन दूध (थोक में बेचा जाने वाला दूध) 54 रुपए प्रति लीटर बेचा जाएगा.
बता दें कि मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में प्रतिदिन 35 लाख लीटर ताजा दूध बेचती है. कंपनी आखिरी बार फरवरी 2023 में अपनी कीमतों में बढ़ोतरी की थी. अब फिर से ऐसा हुआ है. कंपनी का कहना है कि उच्च खरीद लागत के बावजूद, उपभोक्ता कीमतों को बनाए रखा गया है.
इसके अतिरिक्त, देश भर में अभूतपूर्व गर्मी के कारण दूध उत्पादन पर और असर पड़ने की आशंका है. इसे लेकर मदर डेयरी ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में दूध की खरीद के लिए अधिक कीमत चुकाने के बावजूद, उपभोक्ता कीमतों को बरकरार रखा गया है.
इसके अलावा, देश भर में गर्मी का तनाव अभूतपूर्व रहा है और इससे दूध उत्पादन पर और असर पड़ने की संभावना है. कंपनी दूध से प्राप्त बिक्री राजस्व का औसतन 75-80% अपनी खरीद (में खर्च करती है, जिससे डेयरी फार्मिंग की स्थिरता और गुणवत्तापूर्ण दूध की उपलब्धता सुनिश्चित होती है.
बता दें कि कल दुग्ध उत्पादक कंपनी अमूल की थैली वाले दूध की कीमतों में लगभग 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की थी. गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) ने कहा था कि दूध के संचालन और उत्पादन की कुल लागत में वृद्धि के मद्देनजर सोमवार से सभी प्रकार के अमूल दूध की कीमत में दो रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई. इससे देशभर के सभी बाजारों में अमूल दूध पाउच की कीमत दो रुपये प्रति लीटर तक बढ़ जाएगी.