नई दिल्ली: पंजाब के फाजिल्का जिले में एक घरेलू काम करने वाली 20 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पूरी वारदात फाजिल्का के अबोहर की बताई जा रही है. आरोप है कि इस सनसनीखेज वारदात में आरोपी के परिवार वालों ने भी उसका साथ दिया. पीड़िता ने जानकारी दी है कि उसके पिता मजदूरी करते हैं और वह खुद दूसरों की घरों में कामकाज कर जीवन यापन करती हैं. चार दिन पहले भी वह पड़ोस में काम करने गई थी. जहां के एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बेहोशी का हालत में दिया.
करीब एक घंटे बाद जब उसे होश आया तो वह अपने घर पहुंची और पूरी बात परिजनों को बताई. पीड़िता की आपबीती सुनते ही परिजनों के परों तले से जमीन खिसक गईं. जिसके बाद पीड़िता को घरवालों ने मामले की शिकायत पंचायत में की. पंचों ने दोनों पक्षों को बुलाया और अजीब फैसला सुनाया. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिलती है कि सरपंच ने आरोपी के परिजनों को पीड़िता से विवाह का प्रस्ताव दिया. इस फैसले में पीड़िता के परिजन ने भी हामी भरी.
वहीं आरोपी के परिजनों ने संरपंच के प्रस्ताव को ठुकरा दिया. इसके बाद परिजनों ने पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की शिकायत पुलिस से की गई. अस्पताल के फार्मासिस्ट ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच कर ली गई है और डॉ. साक्षी ने पीआई बनाकर संबंधित थाने में भेज दी है. पुलिस की ओर से कहा गया है कि पीड़िता के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पूरे मामले की जांच थाना प्रभारी प्रोमिला रानी और एसआई राजवीर कर रहे हैं. हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.
बता दें कि यूपी के बांदा से भी तीन लड़कियों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जहां तीन कारोबारियों ने मिलकर लड़कियों के साथ रेप किया फिर वीडियो बनाकर रख लिया. इस मामले में एक दलित पीड़िता ने आरोप लगाया कि वीडियों दिखाकर आरोपी बार-बार यौन शोषण करते थे. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया और जांच में जुट गई. हालांकि अभी पुलिस की पकड़ से सभी आरोपी बाहर हैं.