नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर मुलायम सिंह यादव के परिवार से जुड़ी सनसनीखेज खबर सामने आई है. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी और बीजेपी नेता अपर्णा यादव से तलाक लेने का फैसला किया है. प्रतीक ने सोमवार सुबह अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट (@iamprateekyadav) पर एक भावुक और तीखा पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपर्णा पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
अपर्णा को बताया स्वार्थी महिला
पोस्ट में अंग्रेजी में लिखा गया है कि वे इस स्वार्थी महिला से जल्द से जल्द अलग होना चाहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि अपर्णा ने उनके पारिवारिक रिश्तों को बर्बाद कर दिया, उनकी मानसिक स्थिति (मेंटल हेल्थ) बहुत खराब है, लेकिन उन्हें इसकी कोई परवाह नहीं क्योंकि अपर्णा को सिर्फ अपनी प्रसिद्धि और प्रभाव की चिंता है. प्रतीक ने यहां तक कहा कि वे कभी ऐसी बुरी आत्मा नहीं देखे और उनकी शादी अपर्णा से होना उनका बदकिस्मती थी.
2011 में हुई थी दोनों की शादी
पोस्ट के साथ अपर्णा यादव की तस्वीर भी लगाई गई है, जिस पर कुछ रिपोर्ट्स में 'Family Destroyer' जैसे शब्द लिखे होने की बात कही जा रही है. यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों में तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और बीजेपी की सक्रिय नेता हैं. प्रतीक और अपर्णा की शादी 4 नवंबर 2011 को हुई थी, और दोनों की दो बेटियां हैं.
अपर्णा ने नहीं दिया है बयान
अभी तक अपर्णा यादव या उनके परिवार की ओर से इस पोस्ट पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. कुछ लोगों का मानना है कि यह पोस्ट किसी अकाउंट हैकिंग या गलतफहमी का नतीजा भी हो सकता है, लेकिन ज्यादातर मीडिया रिपोर्ट्स इसे प्रतीक का असली ऐलान मान रही हैं. यह घटना मुलायम परिवार में पहले से चल रहे मतभेदों को और उजागर करती है, जहां अपर्णा यादव पहले सपा से जुड़ी थीं, लेकिन बाद में बीजेपी में शामिल हो गईं.