रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और एशिया के सबसे अमीर कारोबारी मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी की शादी का दूसरा प्री-वेडिंग फंक्शन होने वाला है और इसको लेकर फिर चर्चा हो रही हैं. कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खबर आई है कि इसी महीने यानी मई की 28-30 तारीख के बीच दूसरा प्री-वेडिंग फंक्शन होगा.
जानकारी मिली है कि अनंत-राधिका का दूसरा प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन समुद्र के बीचों-बीच मनाया जाएगा. इसके लिए क्रूज शिप का चुनाव किया गया है जिसमें दक्षिणी फ्रांस के तट पर अंबानी परिवार प्री-वेडिंग फंक्शन की मेजबानी करेगा. खबरों के मुताबिक ये क्रूज शिप इटली के सिटी पोर्ट से चलकर सदर्न फ्रांस तक जाएगा जिसमें भव्य कार्यक्रमों के जरिए अंबानी परिवार के लाडले बेटे और नई होने वाली बहू को उनके आगामी वैवाहिक जीवन की बधाइयां दी जाएंगी.
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अनंत-राधिका के इस सेलिब्रेशन में करीब 800 मेहमान शामिल होंने का अनुमान है जिसके लिए जोरशोर से तैयारियां चल रही हैं. मुकेश अंबानी और नीता अंबानी अपने बेटे-बहू के प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन को यादगार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे और माना जा रहा है कि इसके लिए क्रूज शिप पर 600 स्टाफ मेंबर्स को तैनात किया जा रहा है जो सिलेब्रिटी मेहमानों के रहने-खाने से लेकर हर जरूरत का खास ख्याल रखेंगे.
वहीं क्रूज 28 मई को इटली से शुरू होगा जिसके बाद ये 2365 समुद्री मील यानी करीब 4380 किलोमीटर की दूरी तय करके अपने डेस्टिनेशन तक पहुंचेगा. नीले समंदर की लहरों पर इस आलीशान क्रूज पर लाइट, साउंड से रौनक लगाई जाएगी और शानदार सेलिब्रेशन से शादी से पहले की खुशियों को मनाया जाएगा. बता दें कि गुजरात के जामगर में 1 से 3 मार्च के दौरान अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के पहले प्री-वेडिंग कार्यक्रम ने दुनियाभर का ध्यान आकर्षित किया था.
इस मेगा इवेंट में क्या देश और क्या विदेश-हर जगह से नामचीन हस्तियों ने शिरकत की थी और अपनी उपस्थिति से इस सेलिब्रेशन को यादगार बनाया था. ग्लोबल पॉप सिंगर रिहाना से लेकर भारत के सुपरस्टार सलमान खान, शाहरुख खान और आमिर खान की मौजूदगी यहां रही. उद्योग जगत से बिल गेट्स से लेकर मार्क जकरबर्ग ने भी इसमें हिस्सा लिया और वो भारत आए थे.