नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच भारत के लिए अच्छी खबर आई है. LPG ले जा रहा भारतीय जहाज MT सर्व शक्ति स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सफलतापूर्वक पार कर गया है. मार्शल द्वीप में रजिस्टर्ड यह जहाज 13 मई को विशाखापट्टनम पहुंचने वाला है, जिससे देश को जरूरी गैस की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रहेगी. जहाज पर कुल 46 हजार मीट्रिक टन LPG लदी हुई है. इसमें 20 नाविक हैं, जिनमें से 18 भारतीय हैं.
सरकार की तैयारियां और सुरक्षा
सरकार ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं. पिछले 24 घंटों में किसी भी भारतीय जहाज के साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है. विदेश मंत्रालय, पेट्रोलियम मंत्रालय, भारतीय दूतावास और समुद्री सुरक्षा एजेंसियां मिलकर लगातार काम कर रही हैं. डीजी शिपिंग का कंट्रोल रूम 24 घंटे नजर रख रहा है और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हजारों कॉल व ईमेल का जवाब दिया जा चुका है.
3000 नाविकों को लाया गया
खाड़ी देशों से अब तक करीब 3,000 भारतीय नाविकों को सुरक्षित भारत वापस लाया जा चुका है. देश के सभी प्रमुख बंदरगाह पूरी तरह सामान्य रूप से काम कर रहे हैं. कहीं भी भीड़ या देरी की कोई समस्या नहीं है. पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा है कि चाहे स्थिति कैसी भी हो, समुद्री सुरक्षा बनाए रखते हुए जहाजों का आवागमन सुचारू रूप से जारी रखने के लिए वे पूरी तरह तैयार हैं.