UP पुलिस पर फिर हुआ हमला, भीड़ ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वर्दी फाड़ दी, गाड़ी तोड़ दी

Global Bharat 29 Jul 2025 09:21: PM 1 Mins
UP पुलिस पर फिर हुआ हमला, भीड़ ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वर्दी फाड़ दी, गाड़ी तोड़ दी

नई दिल्ली: रामपुर जिले के मिलक के अकौंदा में पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की खबर सामने आई है. जानकारी मिली है कि शिकायत मिलने पर डायल-112 की टीम जांच करने पहुंची थी, तभी एक पक्ष के लोगों ने उनपर हमला कर दिया. इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई, उनके कपड़े फाड़ दिए. सभी पुलिसकर्मी किसी तरह से वहां से जान बचाकर भागे. इस दौरान हमलावरों ने पुलिस की गाड़ी को तोड़ दिया.

घायल हुए तीन पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना को अंजाम देने वाले 8 नामजद सहित करीब 7 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पूरी घटना अकौंदा गांव के मझरा नरसिंहपुर की बताई जा रही है. जानकारी मिली है कि स्थानीय निवासी रामपाल ने डायल-112 को सूचना दी कि उसकी पत्नी के साथ ग्राम गुलड़िया भाट निवासी शिवम फोन पर अश्लील बाते करता है.

पीड़ित ने बताया कि विरोध करने पर शिवम और उसके परिवालों ने उसके साथ अभद्रता की. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जानकारी ली. फिर दूसरे पक्ष से जानकारी लेने के लिए गई, तो वहां लोगों की भीड़ जुट गई. आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की. वर्दी फाड़ दी और डायल 112 की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया.

किसी तरह वहां से भागकर पुलिस कर्मियों ने कंट्रोल रूम से मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तबतक मारपीट करने वाले आरोपी भाग चुके थे. पीआरवी में तैनात सिपाही पुष्पेंद्र सिंह ने कहा है कि उन्होंने जब आरोपी पक्ष को समझाने की कोशिश की, तो वे लोग वर्दी उतरवाने की धमकी देते हुए मारपीट करने लगे. वहीं, घटना का वीडियो बनाने पर लोग और उग्र हो गए और सभी के साथ मारपीट करने लगे. भीड़ ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.

पुलिस ने मंगलवार को गुप्त सूचना पर नामजद आरोपी रंजीत को नरसिंहपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया. उसे जेल भेज दिया गया है. एसपी विद्यासागर मिश्र ने बताया कि दो पक्षों की मारपीट की सूचना पर गई पुलिस टीम के साथ मापीट की यह घटना बेहद गंभीर है. उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है. 

Attack on UP Police Rampur police Rampur crime Rampur crime news

Description of the author

Recent News