नई दिल्ली: महागठबंधन ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में पेश करने पर सहमति बना ली है. सूत्रों के अनुसार, गठबंधन के सभी दलों ने तेजस्वी के नेतृत्व को समर्थन देने का फैसला किया है, और इसकी औपचारिक घोषणा आज होने की उम्मीद है. गठबंधन "चलो बिहार, बदलें बिहार" नारे के साथ अपनी चुनावी रणनीति शुरू करेगा. इसे लेकर आज सभी पार्टिया प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर सकती है.
सीट बंटवारे को लेकर गठबंधन में कुछ असहमति थी, जो आखिरी समय तक चली. इस मुद्दे को सुलझाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार को पटना पहुंचे. उन्होंने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से मुलाकात की. तेजस्वी ने X पर लिखा कि उनकी गहलोत के साथ उपयोगी चुनावी चर्चा हुई. गहलोत ने कहा कि 243 सीटों वाली विधानसभा में 5-10 सीटों पर छोटी-मोटी असहमति कोई बड़ी बात नहीं है.