मुजफ्फरपुर (बिहार): बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली हॉरर किलिंग की घटना सामने आई है. एक भाई ने अपनी बहन की सिर्फ इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि उसने अपनी मर्जी से लव मैरिज कर ली थी. हत्या के बाद शव को झाड़ी में फेंक दिया गया.
कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर रेलवे गुमटी के पास 7 अक्टूबर को झाड़ी में रेणु कुमारी का शव मिला था. पिता हरेंद्र राय ने शव की पहचान की और हत्या की आशंका जताते हुए केस दर्ज कराया. पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या रेणु के भाई मनीष कुमार ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की.
पूछताछ में मनीष ने जुर्म कबूल किया. उसने बताया कि बहन के प्रेम विवाह से नाराज होकर दोस्त के साथ मिलकर रेणु के गले में दुपट्टे का फंदा लगाकर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ी में फेंक दिया. घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की गई है.
शादी के बाद विवाद
रेणु ने करीब नौ महीने पहले रामपुरहरि निवासी प्रिंस से अपनी मर्जी से शादी कर ली थी. शादी के समय से ही परिवार में अनबन चल रही थी. कई बार मारपीट तक की नौबत आ गई थी. लोकलाज के कारण परिवार वाले मनीष को शांत करा देते थे. प्रेम विवाह के बाद रेणु ने वीडियो वायरल कर दिया, जिससे भाई आहत हो गया और हत्या कर दी.
ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर मनीष को गिरफ्तार किया गया. उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. फरार आरोपी की तलाश जारी है. यह घटना इलाके में सनसनी फैलाने वाली साबित हुई है.