श्रीनगर/जम्मू: जम्मू-कश्मीर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी पर विदेशी खुफिया एजेंट्स, खासकर चीन के एजेंट्स को गोपनीय और संवेदनशील जानकारी लीक करने का आरोप लगा है. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है.
कैसे फंसीं महिला?
खुफिया एजेंसियों की जांच के अनुसार, कुछ चीनी एजेंट्स ने एकेडमिक्स (शैक्षणिक विशेषज्ञ) बनकर आर्मी अफसर की पत्नी से संपर्क किया. उन्होंने पर्यावरण और जियो-पॉलिटिक्स जैसे विषयों पर लेख व रिपोर्ट लिखवानी शुरू की.
धीरे-धीरे रक्षा से जुड़े स्ट्रैटेजिक और ऑपरेशनल महत्व के मामलों पर लिखवाने लगे. महिला अनजाने में इस जाल में फंस गईं. उन्हें समझ नहीं आया कि संपर्क में आने वाले लोग असल में खुफिया जासूस हैं. महिला वर्तमान में तेलंगाना की निवासी हैं, लेकिन जम्मू के गांधी नगर थाना क्षेत्र में रह रही हैं.
क्या आरोप हैं?
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, निगरानी के बाद पता चला कि महिला संवेदनशील जानकारियां, डॉक्यूमेंट्स, फोटोज और इलेक्ट्रॉनिक डेटा गुप्त रूप से लीक कर रही थीं. इससे राज्य की सुरक्षा पर सीधा असर पड़ सकता था. शक है कि यह जानकारी एन्क्रिप्टेड कम्यूनिकेशन चैनल्स के जरिए विदेशी एजेंसियों से साझा की जा रही थी.
गांधी नगर पुलिस थाने में आधिकारिक गुप्त विवरण अधिनियम, 1923 की धारा 3 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 और 61(2) के तहत FIR दर्ज की गई है. धारा 3 राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाली जानकारी के संग्रह या संचार से संबंधित है.
जांच अभी जारी है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कौन-सी जानकारियां लीक हुईं या विदेशी एजेंट्स की पहचान क्या है. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि महिला विदेशी एजेंट्स के संपर्क में कैसे आईं. पुलिस ने कम्यूनिकेशन और बरामद सामग्री के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है.