बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक मंत्री के बायन से पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया है. खबर है ही ऐसी कि आप कहेंगे कि अब बिहार में भी योगी मॉडल चलने वाला है. दरअसल, मंत्री जी की तरफ से कहा गया है कि बिहार में अब अगर अपराधियों के पास अवैध बंदूक मिला तो उसे सीधे गोली मार दी जाएगी. उन्होंने यहां तक कह दिया है कि गोली मारने के इस फैसले को नीतीश कैबिनेट ने लिया है.
मंत्री जी ने दावा किया है कि इस फैसले के बाद बिहार के हर जिले में खास जांच टीम गठित की जाएगी. इस फोर्स को एसआईटी पुलिस बल कहा जाएगा. उन्होंने कहा है कि यह बल अपराध रोकने में मदद करेगा. इसके बाद मंत्री जी ने जो दावा किया, उससे पूरे बिहार में बवाल मचा हुआ है. मंत्री जी ने कहा है कि जो भी अवैध बंदूक और कारतूस लेकर चलेगा उसे सीधे गोली मारने के आदेश दे दिए गए हैं.
इस दौरान मंत्री जी के दावों को सुन वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए. बता दें कि जिस मंत्री ने बयान दिया है, उनका नाम दिलीप जायसवाल है. मंत्री जी के विभाग में हाल में बेहद तेज तर्रार आईएएस केके पाठक की तैनाती हुई है. वहीं दिलीप जायसवाल बिहार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री हैं. दिलीप जायसवाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कोटे से मंत्री बने हैं. वहीं उनके गोली वाले बयान की अभी खूब चर्चा हो रही है.
वीडियो में मंत्री जी स्पष्ट रूप बोलते हुए देखे जा सकते हैं. दरअसल, दिलीप जायसवाल बिहार के रुपौली विधानसभा में उपचुनाव को लेकर प्रचार कर रहे थे. उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए मंच से कहा है कि बिहार सरकार ने फैसला लिया है कि प्रत्येक जिले में एसआईटी का गठन होगा और जो अपराथी गोली, बंदूक, रायलफल लेकर चलेगा उसे सीधे गोली मारने का आदेश दे दिया गया है.
उन्होंने कहा है कि अब कोई भी अपराधी प्रदेश में नहीं बचेगा. मंत्री जी यहीं नहीं रुके. उन्होंने कहा कि इसलिए अब देह हाथ चमकाने वाले को रुपौली में नहीं घुसने देना है. उन्होंने कहा कि रुपौली में अब अगर किसी का राज होगा तो गरीब का राज होगा ना कि अपराधियों का. उन्होंने लोगों से कहा है कि आप लोग किसी के चक्कर में मत पड़िएगा. रुपौली में सिर्फ नीतीश जी और मोदी जी का नाम चलेगा.
वहीं बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल के इस बयान पर कई लोगों को भरोसा नहीं हो रहा है, क्योंकि नीतीश सरकार ने ऐसा कोई भी फैसला नहीं लिया है. जबकि कई लोगों का मानना है कि अब बिहार में भी योगी का मॉडल चलेगा. बता दें कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए कुछ सख्त कदम उठाए गए हैं, जिसकी चर्चा देशभर में होती है.