पटना : बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर तैयारियां तेज हो गई है. सत्ता परिवर्तन से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार हाई लेवल मीटिंग कर रहे हैं. रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आवास पर हाई लेवल मीटिंग बुलाई है, जिसमें मंत्रिमंडल का खाका तैयार किया जाएगा और संभावित चेहरों पर चर्चा होगी. बैठक के बाद मंत्रियों के विभागों के बंटवारे को लेकर भी अंतिम मुहर लग सकती है. इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए के दोनों उपमुख्यमंत्री व अन्य वरिष्ठ मंत्रियों के साथ बैठक की थी. लगातार चल रहे मुलाकातों के बाद यह साफ हो गया है कि अगले 48 घंटे में बिहार की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण है.
बिहार सरकार की कैबिनेट की आखिरी बैठक 13 अप्रैल को हो सकती है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में यह आखिरी कैबिनेट बैठक होगी. बैठक के बाद अगले दिन 14 अप्रैल को नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा दे सकते हैं. इस्तीफा के बाद एनडीए की विधायक दल की मीटिंग बुलाई जाएगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री का चुनाव होगा और राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दवा पेश किया जाएगा. बिहार में बदलते राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए एनडीए के विधायकों को पटना नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है. वहीं, जो विधायक बाहर है. उन्हें भी पटना पहुंचने के लिए कहा गया है.
मुख्यमंत्री आवास पर चर्चा
शनिवार की शाम मुख्यमंत्री आवास पर दोनों उपमुख्यमंत्री व मंत्री लखेन्द्र पासवान पहुंचे. इस दौरान 30 मिनट तक बंद कमरे में चर्चा हुई. लंच के साथ ही नई सरकार को लेकर मंथन किया गया. 30 मिनट की मुलाकात में नई सरकार की रूपरेखा और मंत्रियों के नाम लगभग तय हो गए हैं. मुलाकात के बाद बाहर निकलने पर जब मीडिया ने सवाल किया तो नेताओं ने कहा कि सब कुछ जल्द ही सबके सामने आ जाएगा. दूसरी ओर उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा मुख्यमंत्री से मिलने के बाद लोक भवन गए, इससे संकेत मिल रहे हैं कि जल्द ही नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा.
48 घंटे बेहद अहम
कई दिनों से बिहार की राजनीति में गायब चल रहे लल्लन सिंह की पटना पहुंच गए है. लल्लन सिंह की वापसी के बाद जदयू के कोटे से मंत्रियों के नाम पर चर्चा होगी, जहां बैठक के बाद अंतिम मुहर लगेगी. 15 अप्रैल को संभावित शपथ ग्रहण के लिए स्थलों की भी तलाश तेज हो गई है. फिलहाल नई सरकार में कौन शामिल होगा. यह अगले 48 घंटे में साफ हो जाएगा. बिहार की राजनीति के लिए अगले 48 घंटे बेहद अहम माना जा रहा है.