रांची: झारखंड के गिरिडीह जिले में शुक्रवार को खौफनाक घटना सामने आई. बगोदर थाना क्षेत्र के हेसला नेशनल हाईवे पर भाजपा नेता मिथिलेश यादव की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई. बदमाशों ने उनके सिर के बीचों-बीच गोली मारी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
मृतक मिथिलेश यादव बगोदर के भाजयुमो नेता थे और हेसला गांव के रहने वाले थे. वे हेसला नेशनल हाईवे के पास सर्विस सेंटर की दुकान चलाते थे. देर रात वे मां से कहकर निकले थे कि दुकान में ही सोने जा रहे हैं. शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने हाईवे के बीचों-बीच उनका शव देखा. गोली सीधे सिर में लगी हुई थी.
हाईवे पर शव रखकर जाम
सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. बगोदर प्रमुख आशा महतो सहित स्थानीय लोगों ने शव को हाईवे पर रखकर सड़क जाम कर दी. एसडीपीओ धनंजय राम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने की कोशिश में जुटे हैं. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या किसने और क्यों की. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. इस घटना से इलाके में भारी सनसनी फैल गई है.