मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला पुलिसकर्मी की शादी से महज कुछ घंटे पहले उसका अपहरण होने का दावा किया गया. यह मामला मवाना थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव का है. यहां रहने वाली युवती, जो मुजफ्फरनगर जिले के एक थाने में महिला कांस्टेबल के पद पर तैनात है, की शादी उसी थाने में कार्यरत एक अन्य कांस्टेबल से तय थी. शनिवार रात को बारात पहुंचने वाली थी, लेकिन शाम के समय ही युवती लापता हो गई.
यह भी पढ़ें: हिमंता के 'पॉइंट-ब्लैंक' वीडियो पर भारी बवाल, देशभर में आलोचना तेज
परिवार ने तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि ढिकोली गांव के निवासी अंकित ने उसे जबरन उठाकर ले गया. इस खबर से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया, क्योंकि पीड़िता खुद एक पुलिसकर्मी है. एसएसपी मेरठ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला सिपाही की तलाश के लिए दो विशेष टीमें गठित की हैं. साथ ही स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को भी इस ऑपरेशन में शामिल किया गया है ताकि जल्द से जल्द युवती को सुरक्षित बरामद किया जा सके.
यह भी पढ़ें: नशे में धुत महिलाओं ने कैब ड्राइवर को गंदे इशारे किए, हंगामा मचाया और राहगीरों को गालियां दीं
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एसओ बहसुमा ने बताया कि युवती 25 वर्षीय बालिग है और आरोपी अंकित से पहले से परिचित थी. परिवार की शिकायत के आधार पर मुकदमा तो दर्ज कर लिया गया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि युवती अपनी इच्छा से आरोपी के साथ गई हो सकती है.
यह भी पढ़ें: फर्रुखाबाद में दूसरे समुदाय के लड़कों पर लगा लड़की को उठा ले जाने का आरोप, एडीजी ने खुद लिया संज्ञान
कुछ सूत्रों के अनुसार, युवती ने परिवार को फोन करके खुद कहा भी कि वह अपनी मर्जी से जा रही है और चिंता न करें. फिर भी, परिजनों की शिकायत और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच जारी है. दोनों पक्षों की तलाश में पुलिस और एसटीएफ की टीमें सक्रिय हैं. अभी तक युवती या आरोपी के बारे में कोई नई जानकारी सामने नहीं आई है.