बेंगलुरु: महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. मारथाहल्ली इलाके में फ्लिपकार्ट का एक डिलीवरी बॉय ऑर्डर डिलीवर करने के बाद महिला के घर में घुसा और उसके सामने अश्लील हरकत की. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
शनिवार शाम को 22 वर्षीय विजय मल्लिकार्जुन कामत नामक डिलीवरी एक्जीक्यूटिव मुन्नेकोलाला इलाके में एक महिला के घर ऑर्डर डिलीवर करने पहुंचा. डिलीवरी के बाद वह जबरन बाथरूम इस्तेमाल करने की जिद करने लगा. महिला के मना करने के बावजूद वह अंदर घुसा और बाहर आने के बाद उसके सामने अश्लील हरकत की. महिला ने सतर्कता बरतते हुए पूरा घटनाक्रम वीडियो में रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया.
मारथाहल्ली पुलिस ने महिला की शिकायत पर BNS की धारा 75, 79 और 329(2) के तहत मामला दर्ज किया. आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (व्हाइटफील्ड) ने पुष्टि की कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. फ्लिपकार्ट ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई.
कंपनी ने कहा, "हम इस घटना से बेहद व्यथित हैं. ग्राहक की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. आरोपी डिलीवरी पार्टनर की सेवाएं तुरंत समाप्त कर दी गई हैं. हम जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं." कंपनी ने बताया कि सभी डिलीवरी पार्टनर की बैकग्राउंड वेरिफिकेशन और ट्रेनिंग की जाती है, लेकिन ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी.